निर्वाचन आयोग के प्रयासों से चुनाव प्रक्रिया बनी अधिक सुलभ और पारदर्शी :उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम मनदीप कुमार
कहा : हर वोट की है बराबर ताकत, लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान जरूरी
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर विद्यार्थियों और अधिकारियों की सशक्त भागीदारी
युवाओं की भागीदारी से 80 प्रतिशत मतदान लक्ष्य की ओर अग्रसर जिला प्रशासन
BOL PANIPAT , 25 जनवरी। जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से सचिवालय सभागार में रविवार को 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाताओं को चुनाव के दौरान उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को और अधिक मजबूत करना रहा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम मनदीप कुमार ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अमीर हो या गरीब, हर नागरिक के वोट की कीमत समान होती है। एक-एक वोट देश के भविष्य को तय करता है, इसलिए हर नागरिक को अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करना चाहिए।
एसडीएम ने कहा कि अच्छे और सकारात्मक परिणामों के लिए मतदान बेहद जरूरी है तथा लोकतंत्र की मजबूती के लिए दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना होगा।
एसडीएम ने बताया कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिला निर्वाचन विभाग निरंतर प्रयास कर रहा है। स्वीप गतिविधियों के माध्यम से स्कूलों और कॉलेजों में युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने स्कूलों में गठित लिटरेरी क्लबों को सक्रिय करने और पात्र युवाओं का वोट बनवाने का भी आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय निर्वाचन आयोग ने चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए सखी बूथ, पिंक बूथ, दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष प्रबंध तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर बैठे मतदान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इन प्रयासों के चलते चुनाव प्रक्रिया पहले से कहीं अधिक आसान और भरोसेमंद बनी है। जिला प्रशासन 80 प्रतिशत मतदान लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में कार्य कर रहा है।
इस मौके पर खंड स्तर जिला स्तर व कॉलेज स्तर पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, भाषण, क्विज प्रतियोगिता तथा रंगोली मेकिंग प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों और बीएलओ को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पारितोषिक देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम निर्वाचन नायब तहसीलदार सुरेंद्र ने मुख्य अतिथि का बुके भेंट कर किया स्वागत किया वहीं डॉ. हितेश चंद्र द्वारा उन्हें पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के दो विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व और मतदान की शक्ति पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में इलेक्शन नायब तहसीलदार सुरेंद्र, अमरिंदर कानूनगो, सोनिया, महेंद्र, कमल, डॉ. हितेश चंद्र के अलावा बीएलओ सतीश कुमार, सत्यवान मलिक, रवि कुमार, अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में मतदाता शपथ दिलाई गई और सभी विद्यार्थियों से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Comments