डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया विजयदशमी का त्योहार.
BOL PANIPAT : डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल में विजयदशमी के उपलक्ष्य में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसके अंतर्गत किंडरगार्डन विंग के नन्हे-मुन्नों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों ने अलग-अलग वेश-भूषा पहनकर रामायण से संबंधित कई किरदार निभाए। उन्होंने बुराई पर अच्छाई की जीत का गुणगान भाषणों एवं कविताओं के माध्यम से किया। कक्षा नर्सरी से यू०के०जी० के छात्रों ने पपेट शो के माध्यम से संपूर्ण रामायण लघुनाटिका के रूप में प्रस्तुत की। छोटे-छोटे बच्चे श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान, रावण, वानरसेना, राक्षस सेना, दशरथ एवं तीनों रानियों आदि के रूप में बहुत सुंदर लग रहे थे। प्रधानाचार्या सुमिता अरोड़ा ने बच्चों की हौसला अफज़ाई की और कहा इस प्रकार के त्योहारों से हमारे बच्चों में सांस्कृतिक विकास होगा और अच्छे संस्कार आएँगे। उन्होंने बच्चों को भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने के लिए कहा। अंत में भगवान श्रीराम ने रावण के पुतले में आग लगाकर उसका दहन किया और सभी को सत्य की असत्य पर एवं अच्छाई की बुराई पर जीत का संदेश दिया। भगवान श्री राम की जय के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Comments