Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


14 वर्ष की बालिकाओं को लगेगी एकल खुराक. केवल सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में होगा टीकाकरण: उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at February 26, 2026 Tags: , , , , ,

-स्कूल, आंगनवाड़ी, पंचायत व शहरी निकाय मिलकर करेंगे शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति

-28 फरवरी से जिले में एचपीवी टीकाकरण महाअभियान का शुभारंभ

-उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने विभागों को दिए समन्वय के सख्त निर्देश

BOL PANIPAT , 26 फरवरी। जिले में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए गुरुवार को जिला सचिवालय में जिला स्तरीय कार्यबल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शुभारंभ 28 फरवरी को प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा। उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि यह अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी विभागों की साझा जिम्मेदारी है। तीन माह तक प्रतिदिन अभियान के रूप में टीकाकरण किया जाएगा, उसके बाद नियमित सत्र दिवसों में निर्धारित स्वास्थ्य संस्थानों पर टीकाकरण जारी रहेगा।

  उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि इस अभियान के तहत 14 वर्ष आयु वर्ग की उन बालिकाओं को एकल खुराक दी जाएगी, जिनका जन्म 01 मार्च 2011 से 28 फरवरी 2012 के बीच हुआ है। जिले में यह संख्या कुल जनसंख्या का लगभग 1 प्रतिशत है। टीकाकरण केवल सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में किया जाएगा।    उपायुक्त डॉ.दहिया ने बताया कि प्रारंभिक चरण में जिला नागरिक अस्पताल, उप जिला अस्पताल समालखा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहर, नौल्था, मतलौडा, नारायणा, बापोली, खोतपुरा व ददलाना को शामिल किया गया है। शिक्षा विभाग की भूमिका सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों को अभियान की सूचना भेजी जाएगी। प्रत्येक विद्यालय में एक नामित प्रभारी अधिकारी नियुक्त कर सूक्ष्म योजना तैयार की जाएगी तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक, जागरूकता कार्यक्रम और रैलियों के माध्यम से टीके के प्रति किसी भी प्रकार की झिझक को दूर किया जाएगा। विद्यालयों की सूची एवं योजना प्रारूप स्वास्थ्य विभाग के साथ साझा किया जाएगा।

उपायुक्त डॉ. दहिया ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग की भागीदारी एकीकृत बाल विकास सेवा के अधिकारियों को अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लक्षित बालिकाओं की पहचान करेंगी, विशेषकर विद्यालय से बाहर रहने वाली बालिकाओं को चिन्हित कर टीकाकरण स्थलों तक पहुंच सुनिश्चित करेंगी।

पर्यवेक्षक, बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी सूक्ष्म योजना और निगरानी प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे। आंगनवाड़ी केंद्रों पर मातृ बैठकों के माध्यम से समुदाय को जागरूक किया जाएगा।

  उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि सभी ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने गांवों के विद्यालयों एवं संस्थानों में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ सहयोग करें और सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करें।  पंचायत प्रतिनिधि टीकाकरण के प्रति किसी भी प्रकार की भ्रांति या झिझक को दूर करने में अग्रणी भूमिका निभाएंगे।

  सीएमओ डॉ विजय मलिक ने बताया कि शहरी वार्डों और मलिन बस्तियों में विद्यालय से बाहर पात्र बालिकाओं की पहचान कर स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के साथ मिलकर टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों और उपलब्ध स्वयंसेवकों की सहायता ली जाएगी। वार्ड सदस्य टीकाकरण के प्रति प्रतिरोध वाले क्षेत्रों में विशेष संवाद अभियान चलाकर सकारात्मक वातावरण तैयार करेंगे।

    उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि चिकित्सीय संगठन जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठियों और प्रशिक्षण के माध्यम से टीकाकरण के प्रति विश्वास बढ़ाने में सहयोग करेंगे। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव का प्रभावी माध्यम है। सभी विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें ताकि जिले में शत-प्रतिशत लक्षित बालिकाओं को टीका लगाया जा सके।

  सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक ने कहा कि एचपीवी संक्रमण गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का प्रमुख कारण है और यह टीका बालिकाओं को दीर्घकालिक सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य करवाएं। उन्होंने बताया कि जिले में टीकाकरण की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। बैठक में सभी विभागों ने अभियान को पूर्ण सफलता दिलाने का संकल्प लिया। इस मौके पर एसडीएम समालखा अमित कुमार, सीएमओ विजय मलिक, डॉक्टर रिंकू सांगवान, डॉ ललित वर्मा, डीईईओ सुभाष भारद्वाज, बीडीपीओ शक्ति सिंह, सीडीपीओ अंजू  के अलावा कई अधिकारी मौजूद रहे।

Comments