Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


हाईवे पर ट्रक लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़. पानीपत सीआईए पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया. 5 वारदातों का खुलासा.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at November 8, 2024 Tags: , , , , ,

-बीते मंगलवार की रात पानीपत पुलिस लाइन के नजदीक ट्रक चालक को अगवा कर सामान से भरा ट्रक लूट कर फरार हो गए थे

-मात्र 48 घंटे में पुलिस ने आरोपियों को काबू किया

BOL PANIPAT : 08 नवम्बर 2024, पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह के कुशल मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए वन पुलिस टीम ने हाईवे पर ट्रक लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर वीरवार देर शाम गिरोह के सरगना सहित 3 बदमाशों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों की पहचान आमिर व आदिल निवासी हथवाला व मन्नु निवासी निंबरी हाल भारत नगर पानीपत के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से ट्रक लूट की 5 वारदातों का खुलासा हुआ है।

पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने शुक्रवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में प्रेसवार्ता कर प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि बीते मंगलवार को देर रात बदमाशों ने पानीपत में नेशनल हाईवे पर पुलिस लाइन के नजदीक एक ट्रक चालक को अगवा कर सामान से भरा ट्रक लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। ट्रक चालक को बदमाश काफी देर तक कार में घुमाने के बाद पसीना रोड पर खेत में पेड़ से बांध कर फरार हो गए थे। पानीपत के चढ़ाऊ मोहल्ला निवासी ट्रक चालक रामतेज यादव की शिकायत पर थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप कुमार की टीम ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर जांच करने के साथ ही अपने सभी सोर्स एक्टिव कर मात्र 48 घंटे में उक्त वारदात का पर्दाफास कर आरोपी आमिर व आदिल को वारदात में प्रयुक्त कार सहित हथवाला यमुना पुल के पास से और उनकी निशानदेही पर आरोपी मन्नु को भारत नगर से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अपने पाचं अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर पानीपत की उक्त वारदात के अतिरिक्त सोनीपत में तीन व दिल्ली में एक ट्रक लूट की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। लूट की उक्त वारदातों बारे संबंधित थाना में अभियोग दर्ज है।

एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों की उम्र 25 से 28 वर्ष के बीच है और 10वी से 12वी तक की पढ़ाई की हुई है। गिरोह का सरगना आरोपी आमिर है। आरोपी आमिर का पहले भी आपराधिक रिकार्ड होना पाया गया है। आरोपी लड़ाई झगड़े के एक मामल में सोनीपत जेल से बीते जुलाई महिने में बेल पर बाहर आया था।
आरोपी आमिर ने जेल से बाहर आने के बाद अपने साथी आरोपी आदिल, मन्नु व अन्य पांच साथी आरोपियों के साथ मिलकर शार्टकट तरिके से मोटे पैसे कमाने के लिए हाईवे पर ट्रक लूटने की योजना बनाई। आरोपी आदिल के पास खुद की मारूति अर्टिगा गाड़ी थी। सभी आरोपी रात के समय अर्टिगा गाड़ी में सवार होकर हाईवे पर निकलते और लूट की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों ने पिछले 20 दिनों में हाईवे पर एकाएक कर ट्रक लूट की 5 वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ट्रक के सामान उतारने के बाद खाली ट्रक को किसी भी स्थान पर छोड़कर फरार हो जाते थे।

एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक अर्टिगा गाड़ी व 3 मोबाइल फोन बरामद कर शुक्रवार को तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 9 दिन के पुलिस रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में शामिल फरार इनके साथी आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने, लूटा गया सामान व ट्रक बरामद करने व अन्य वारदातों बारे पता लगाने का प्रयास करेंगी।

ट्रक लूट की निम्न वारदातों का खुलासा हुआ

  1. आरोपियों ने बीते मंगलवार की रात पानीपत पुलिस लाइन के नजदीक हाईवे पर कंबल, दवाई, सेनेटरी का सामान, जुते, कपड़ा, नट बोल्ट और कैमिकल की कैन से भरा एक ट्रक लूटने की वारदात को अंजाम दिया ।
  2. करीब 5 दिन पहले सोनीपत के मुरथल थाना क्षेत्र में हाईवे पर घी की टीन से भरा एक ट्रक लूटने की वारदात को अंजाम दिया ।
  3. करीब 10 दिन पहले सोनीपत के थाना राई क्षेत्र में हाईवे पर कंबल से भरा एक ट्रक लूटने की वारदात को अंजाम दिया । 4. करीब 14 दिन पहले सोनीपत के थाना राई क्षेत्र में हाईवे पर कपड़ो से भरा एक ट्रक लूटने की वारदात को अंजाम दिया ।
  4. करीब 10 दिन पहले दिल्ली के अलीपुर में हाइवे पर कंबल से भरा एक ट्रक लूटने की वारदात को अंजाम दिया ।

पानीपत की वारदात का विवरण

थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में चढ़ाऊ मोहल्ला निवासी रामतेज यादव ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि वह सम्राट गुडस ट्रांसपोर्ट में चालक है। 5 नवम्बर की देर रात करीब 12 बजे वह ट्रक में कंबल, दवाई, सेनेटरी का सामान, जुते, कपड़ा, नट बोल्ट और कैमिकल की कैन लोड करके गाजियाबाद के लिए निकला था। सिवाह पहुंचने उसने फ्लाईओवर पुल के नीचे ट्रक को रोककर एक दुकान पर चाय पी। वहा से चलकर पुलिस लाइन कट के पास पहुंचा तो पीछे से एक कार आई। कार चालक ने ओवरटेक कर कार को ट्रक के आगे खड़ा दिया और टार्च से लाईट मारने लगे। ट्रक के रूकते ही कार से पांच छह युवक उतरकर आए। उन्होंने कहा की तू पीछे एक्सीडेंट करके आया है। उसको जबरदस्ती कार में पायदान पर बैठा लिया। और फोन व 10 हजार रूपये छीनकर आखों पर पट्टी बांध दी। बदमाश काफी देर तक उसको कार में इधर-उधर लेकर घूमते रहें। इसके बाद जेल वाले रोड पर खेत में कटे पेड़ से बांधकर फरार हो गए। उसने हाथ पैर हिलाकर रस्सी को खोला और भागकर जीटी रोड पर आया। वहा उसने चाय की दुकान वाले की मदद से डॉयल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। बदमाश सामान से भरा ट्रक, मोबाइल व 10 हजार रूपए लूट कर ले गए। रामतेज की शिकायत पर थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments