महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
BOL PANIPAT : आई.बी. (पीजी) कॉलेज, पानीपत में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी एवं सेवा के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, सादगी और राष्ट्र सेवा के आदर्शों से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। उपस्थित सदस्यों ने दोनों महान राष्ट्र नायकों के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर संस्कारशाला क्लब, रेड रिबन क्लब, राजनीति विज्ञान विभाग तथा शारीरिक शिक्षा विभाग ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और सेवा के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि महान व्यक्तित्वों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य केवल उन्हें याद करना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन और व्यवहार में उतारना है। उन्होंने कहा कि गांधी जी का सत्य एवं अहिंसा का संदेश तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा की भावना आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
संस्कारशाला क्लब के संयोजक अश्वनी गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन हमें यह संदेश देता है कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन व्यक्ति के छोटे-छोटे अच्छे कार्यों से भी संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से सत्य, अनुशासन, सादगी एवं सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
रेड रिबन क्लब के संयोजक डॉ. विक्रम कुमार ने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी युवा पीढ़ी के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। अहिंसा, मानवता, आपसी सम्मान और समाज के प्रति संवेदनशीलता जैसे मूल्यों को विद्यार्थियों को अपने व्यवहार में अपनाना चाहिए।
राजनीति विज्ञान विभाग की एचओडी डॉ. किरण मदान ने गांधी जी के राजनीतिक एवं सामाजिक विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सत्य और अहिंसा गांधी जी के जीवन के मूल आधार थे। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी एवं राष्ट्रहित के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. राजेश कुमार ने विद्यार्थियों को स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ विचारों एवं अनुशासित जीवन के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के जीवन में संयम, अनुशासन और आत्मनियंत्रण का विशेष महत्व था।
इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को भी श्रद्धापूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र सेवा को याद करते हुए विद्यार्थियों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए कहा। उनके प्रसिद्ध नारे ‘जय जवान, जय किसान’ के माध्यम से देश के सैनिकों और किसानों के योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज के वरिष्ठ मैनेजमेंट सदस्य युधिष्ठिर मिगलानी , डॉ. सुनीत शर्मा, प्रो. कनक शर्मा, डॉ. जोगेश, प्रो. खुशबू, प्रो. विनय भारती, प्रो. सुखजिंदर सिंह , राम मेहर शर्मा तथा अन्य स्टाफ सदस्यों की गरिमापूर्ण उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त बी.सी.ए. प्रथम वर्ष के लगभग 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रहित के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Comments