17 लाख कैश से भरी एटीएम मशीन उखाड़ कर ले गए बदमाश
BOL PANIPAT : पानीपत शहर में बदमाश 17 लाख कैश से भरी एटीएम मशीन उखाड़ कर ले गए। वारदात गोहाना रोड पर फ्लाईओवर के निकट स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम पर अंजाम दी गयी। सुबह हिताची कम्पनी का कर्मचारी जब एटीएम मशीन में कैश डालने आया तो उसने देखा कि शटर खुला हुआ था व एटीएम बूथ से मशीन गायब थी। उसने मामले के बारे में अपने उच्च अधिकारियों को सूचित किया जिसके बाद हिताची कम्पनी के लीगल एडवाईजर ने पुलिस कंट्रोल रूम में करीब सवा ग्यारह बजे मामले की जानकारी दी व कृष्णपुरा चौकी में शिकायत दर्ज करवाई।

मामले की सूचना मिलते ही एसपी शशांक कुमार सावन भारी पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंचे व वारदात का ब्यौरा लिया। बैंक कर्मियों को फोन करके चोरी की जानकारी दी। इसके बाद मौके पर ही 5 अलग-अलग टीमें गठित करके दिशा-निर्देश दिए। पूरे जिले में नाकाबंदी भी की गई। अब हर आने जाने वाली की चैकिंग हो रही।

जानकारी देते हुए डीएसपी प्रदीप ने बताया कि वारदात रविवार तड़के करीब 3:15 बजे की है। हालांकि पुलिस को सूचना रविवार सुबह मिली थी। एटीएम बूथ पर लगे CCTV कैमरे पर बदमाशों ने लाल स्प्रे किया और एटीएम मशीन उखाड़ कर ले गए। मगर आसपास के CCTV खंगालने पर वारदात करने के तरीके का खुलासा हुआ है। काले रंग की XUV कार सवार 3 बदमाश आए। उन्होंने पहले जगह की रेकी की। इसके बाद गाड़ी को घुमाकर ATM की तरफ बैक कर दी।

बदमाश एटीएम में घुसे। उन्होंने एटीएम मशीन को किसी रस्सी से बांधा। यह रस्सी अपनी गाड़ी से बांध दी। इसके बाद दो-तीन प्रयासों के बाद गाड़ी को तेज गति से दौड़ाते हुए मशीन को उखाड़ा गया। मशीन उखड़ने के बाद बदमाश गाड़ी में मशीन डालकर मौके से फरार हो गए।

Comments