Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य महाविद्यालय में मन्त्रोचारण से हुआ नए साल का आगाज

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at January 1, 2024 Tags: , , , ,

इंटर जोनल शतरंज प्रतियोगिता में आर्य कॉलेज ने जीता स्वर्ण पदक

BOL PANIPAT – सोमवार 1 जनवरी 2024

सोमवार को आर्य पीजी कॉलेज में नए वर्ष की शुरुआत गायत्री मंत्रोच्चारण के साथ हुई। महाविद्यालय की यज्ञशाला में हवन का आयोजन किया गया, कॉलेज प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता, आर्य समाज बडा बाजार के आचार्य अमरेश्वर व प्राध्यापकों के साथ-साथ विद्यार्थियों ने भी हवन में आहुति डालकर नए वर्ष पर सभी के लिए मंगल कामना की।

आर्य कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान सुरेंद्र सिंगला, महासचिव सीए कमल किशोर, कोषाध्यक्ष पीयूष आर्य, वरिष्ठ सदस्य विरेंद्र सिंगला, सदस्य निखिल सिंगला समेत पूरी प्रबंधन समिति ने पूरे आर्य कॉलेज परिवार को बधाई दी व सभी के लिए मंगल कामना की और अपना शुभकामना संदेश भेजा।

प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने सभी को नए साल 2024 की हार्दिक शुभकामनाएं दी और कहा कि नए साल की शुरुआत हर साल हमें नई आशाएं, सपने और संभावनाएं लेकर आती है। यह एक समय है जब हम अपने पिछले साल के अनुभवों को समीक्षा करते हैं और नए उद्देश्यों का सामना करने के लिए सजग होते हैं। नये वर्ष हमें नये संकल्प लेने चाहिए और खुद के अंदर जो कमियां हैं उन्हें दूर कर हर समय कुछ नया सीखने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी अपनी पढाई के साथ-साथ समसामयिक विषयों से संबंधित पुस्तके भी अवश्य पढें और साथ ही कुछ समय खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों और अपने अंदर की प्रतिभा के लिए भी जरूर निकालें। डॉ. गुप्ता ने यह भी कहा कि भारत युवाओं का देश है युवाओं को हर समय देश  के हित के लिए आगे रहना चाहिए।

अपने संबोधन के अंत में डॉ. गुप्ता ने बताया की कुरूक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरूक्षेत्र में 23-24 दिसंबर को आयोजित हुई  इंटर जोनल शतरंज प्रतियोगिता में आर्य कॉलेज की नेहा, सिमरन, काजल, पूजा और मृदुल की टीम ने स्वर्ण पदक जीत कर कॉलेज का नाम रोशन किया। साथ ही कॉलेज की छात्रा नेहा और सिमरन का चयन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम में हुआ। वहीं आज नववर्ष के उपलक्ष्य में गैर शिक्षक वर्ग के कर्मचारियों को जैकेट वितरित की गई।

इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक व गैर शिक्षक वर्ग के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।

Comments