विकास की गति नहीं रुकेगी, हर क्षेत्र तक पहुंचेगी सुविधाएं: शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा
23 करोड़ की विकास सौगात, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बदली पानीपत ग्रामीण की तस्वीर
घोषणाएं नहीं, धरातल पर विकास हमारी पहचान
पानीपत ग्रामीण में विकास का बड़ा अभियान, करोड़ों की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्याश
BOL PANIPAT , 6 अगस्त। हरियाणा सरकार विकास को राजनीति नहीं, बल्कि जनसेवा का सबसे बड़ा माध्यम मानती है। प्रदेश का कोई भी गांव, वार्ड या शहर विकास से अछूता नहीं रहेगा। जनता के प्रत्येक रुपये का सदुपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ विकास कार्य कराए जा रहे हैं। हमारी प्राथमिकता है कि हर नागरिक को बेहतर सड़कें, आधुनिक आधारभूत सुविधाएं और मजबूत शहरी ढांचा उपलब्ध कराया जाए। यह बात हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने गुरुवार को पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में लगभग 23 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास के अवसर पर कही। स्थानीय नागरिकों ने उनका फूल-मालाओं एवं जोरदार जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करा रही है और जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।
शिक्षा मंत्री ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत सेक्टर-25 पार्ट-2 से की, जहां उन्होंने एचएसआईआईडीसी द्वारा लगभग साढ़े 13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आरसीसी (कंक्रीट) सड़कों का लोकार्पण किया। लंबे समय से औद्योगिक क्षेत्र की जर्जर सड़कों के कारण उद्योगपतियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। नई कंक्रीट सड़कों के निर्माण से इस समस्या का स्थाई समाधान हुआ है।
शिक्षा मंत्री ने वार्ड नंबर-26 काबड़ी कच्चा फाटक से जैन चौक तक बनने वाली लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत की आरसीसी सड़क का शिलान्यास भी किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी, जिसके पूरा होने से हजारों लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
मंत्री ने बाबरपुर मंडी स्थित फुटपाथ के सौंदर्यीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया। लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक एवं आकर्षक फुटपाथ विकसित किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ आम नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरे किए जाएं।
उन्होंने कहा कि मजबूत सड़कें, बेहतर आधारभूत सुविधाएं और सुव्यवस्थित शहरी ढांचा किसी भी क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास की मजबूत आधारशिला होते हैं।
इस अवसर पर उद्योग जगत से जुड़े लोगों ने शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बेहतर सड़क व्यवस्था से उद्योगों को नई गति मिलेगी तथा परिवहन व्यवस्था
अधिक सुगम होगी।
इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, जॉइंट कमिश्नर मन्नी त्यागी, पार्षद बिट्टू प्रजापति, पार्षद मनजीत कौर, पार्षद कुसुम भट्ट, डॉ. राजबीर आर्य, कपिल राणा, राजपाल हरिनगर, मंडल अध्यक्ष अतर सिंह व गुरदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, अधिकारी, उद्योगपति एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Comments