मूलभूत सुविधाओं से युक्त है नया खुखराना गांव: उपायुक्त
-खाली पड़े प्लॉटों को चिह्नित करके ग्रामीणों को दिया जाएंगे
-नए गांव में गलियों व एसटीपी का कार्य जोरों पर
BOL PANIPAT , 15 नवम्बर। खुखराना गांव को नया खुखराना गांव में शिफ्ट करने को लेकर गांव में शीघ्रता से कार्य किया जा रहा है। जो अधिकारी इस कार्य में कोताही बरतेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। यह बात जिला सचिवालय में आयोजित अधिकारियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए उपायुक्त डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कही व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अधिकारी गांव में खाली पड़े 41 प्लॉटों को चिन्हित करके उन्हें उन लोगों को सौंपे जिन लोगों का उन पर अधिकार बनता है। उपायुक्त ने बताया कि नया खुखराना में तीन आंगनवाडिय़ों का निर्माण करने के अलावा चार चौपालों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। पीने के पानी के लिए नलकूप लगाए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सम्बंधित विभागों के अधिकारी सप्ताह भर में दुरूस्त करें ताकि लोगों का वहां शिफï्ट होने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उपायुक्त ने बताया कि नया खुखराना गांव में ग्रामीणों की हर प्रकार की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। युवाओं के लिए व्यायामशाला का निर्माण किया गया है। गांव की गलियों का 99 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उपायुक्त ने बताया कि गांव में एसटीपी का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। गांव में शिविर आदि की व्यवस्था की जा चुकी है।
उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि शीघ्र ही गांव में बिजली का शेष कार्य भी पूर्ण कर लिया जाएगा। उपायुक्त ने बिजली विभाग के अधिकारियों को इस कार्य को शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम मनदीप सिंह, डीडीपीओ सुमित चौधरी, सिंचाई विभाग के एक्सईएन प्रदीप कुमार के अलावा बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments