पुलिस ने फैक्टरी में श्रमिकों को नशे के खिलाफ जानकारी देकर जागरूक किया।
BOL PANIPAT : 18 जून 2025,हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश में 12 से 26 जून तक नशे के खिलाफ “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” अभियान शुरू किया गया है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने जिले में अभियान के सफल आयोजन के लिए सभी पर्यवेक्षण अधिकारी, थाना प्रबंधक व चौकी इंचार्जों को विशेष दिशा निर्देश दिए है। पुलिस टीमों द्वारा प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के क्रार्यक्रम आयोजित कर जिसमे नशीली दवाओं व नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों व दुष्प्रभाव बारे जानकारी देकर लोगों को जागरुक किया जा रहा है।
इसी कड़ी में पुलिस टीम ने बुधवार को समालखा में किवाना रोड पर स्थित नॉटस इंटरनेशनल फैक्टरी में श्रमिकों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर जागरूक किया और जीवन में नशा न करने की शपथ दिलाई।
जिला में नशा मुक्त अभियान के नोडल अधिकारी डीएसपी नरेंद्र सिंह ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद करता है। जो व्यक्ति एक बार नशे के गर्त में फंस जाते हैं तो फिर फंसते ही चले जाते हैं। देश का युवा वर्ग इस दलदल में और अधिक न फसने पाए, इसके लिए सबसे जरूरी है युवाओं को नशे के दुष्परिणाम बताना और नशे के खिलाफ जागरूक करना।
उन्होंने बताया कि समाज में कई तरह के अपराध तो केवल नशे के कारण होते हैं। कुछ लोग लूट-मार जैसी वारदातों को केवल इसी लिए अंजाम देते हैं ताकि वे नशीले पदार्थों की अपनी जरूरत पूरी कर सकें। आमजन “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” जागरूकता अभियान में जिला पुलिस का सहयोग करें।
इस दौरान आमजन से अपील की गई कि किसी के परिवार में कोई नशे का कारोबार करता है या नशे का सेवन करता है तो बगैर किसी संकोच के उसकी सूचना दें ताकि नशे जैसी बुराई को समाप्त किया जा सके।

Comments