पुलिस की सड़क सुरक्षा टीम ने आमजन को यातायात नियमों की जानकारी देकर पालना के लिए किया प्रेरित.
यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है : इंचार्ज एएसआई राजेश
BOL PANIPAT , 24 दिसंबर : अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यातायात एवं हाइवे करनाल के आदेशानुसार और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला पुलिस की सड़क सुरक्षा टीम द्वारा बुधवार को विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। टीम ने टोल प्लाजा, स्काई लार्क के सामने, सचिवालय की पार्किंग में व पुराने बस अड्डे के सामने वाहन चालकों, पैदल यात्रियों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी देकर उनका पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पब्लिसिटी वैन के माध्यम से यातायात संकेतों, जेब्रा क्रॉसिंग, लेन ड्राइविंग, सुरक्षित ओवरटेकिंग एवं पैदल यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित नियमों की जानकारी भी दी गई।
इचार्ज एएसआई राजेश ने कार्यक्रम में यातायात नियमों की विस्तार से जानकारी दी और कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और कीमती जानें बचाई जा सकती हैं। उन्होंने इस दौरान हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों पर विशेष जोर दिया। उपस्थित लोगों को बताया कि कैसे छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
उन्होने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन करने से न केवल दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा, बल्कि सड़क पर अनुशासन व सुरक्षित माहौल भी बनेगा।
उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि वे सड़क पर संयम और धैर्य का परिचय दें तथा दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। जिला पुलिस यह जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Comments