बेटी बचाओ का बुलंद संदेश. अहर गांव में जागरूकता रैली से गूंजा जन-जन.
कन्या भ्रूण हत्या रोकने को ग्रामीणों ने ली सामूहिक शपथ
लिंगानुपात सुधार और बेटियों की शिक्षा पर स्वास्थ्य विभाग का बड़ा अभियान
एचपीवी वैक्सीन से लेकर बेटियों की सुरक्षा तक, गांव में चला जागरूकता महाअभियान
BOL PANIPAT , 26 मई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहर के तत्वावधान में मंगलवार को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं लिंगानुपात सुधार को लेकर गांव में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत पूरे गांव में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों तथा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली के दौरान “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, “कन्या भ्रूण हत्या बंद करो” और “बेटी है अनमोल” जैसे गगनभेदी नारों से गांव का माहौल जागरूकता और सामाजिक संदेशों से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा के महत्व तथा क्षेत्र में लिंगानुपात सुधार के प्रति जागरूक और संवेदनशील बनाया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिलाओं एवं किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन के प्रति भी जागरूक किया तथा इसके लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान ग्रामीणों के साथ संवादात्मक चर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें लोगों ने खुलकर अपने विचार साझा किए और समाज से कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं ग्रामीणों ने सामूहिक शपथ ली कि वे कभी भी प्रसव पूर्व लिंग जांच नहीं करवाएंगे तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने में अपना पूर्ण सहयोग देंगे।
विदित रहे कि यह कार्यक्रम सीएचसी अहर के एसएमओ डॉ. प्यारे लाल के मार्गदर्शन एवं देखरेख में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. विकास, डॉ. शीतल, हेल्थ इंस्पेक्टर खुशी राम एवं राम कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम मौजूद रही। इसके अलावा लैब तकनीशियन रीना, सब सेंटर पाथरी एवं सींक की एएनएम तथा एलएचवी दारावती ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

Comments