विशेष कौशल-आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज के कौशल विकास केंद्र द्वारा विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान करने के उद्देश्य से एक विशेष कौशल-आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम “युवाओं को सशक्त बनाना: भविष्य के लिए तैयार कौशल पहल” विषय के अंतर्गत बी.ए. एवं बी.कॉम. के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
यह पहल हिंदुजा फाउंडेशन, लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन तथा इंडसइंड निप्पॉन फ्यूचर रेडी स्किल इनिशिएटिव के सहयोग से संचालित की जा रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आधुनिक कार्यस्थल के लिए आवश्यक संवाद कौशल, व्यावसायिक दृष्टिकोण, डिजिटल दक्षता, सामूहिक कार्य, नेतृत्व क्षमता, समस्या-समाधान एवं रोजगार संबंधी कौशल विकसित करना है, ताकि विद्यार्थी अपनी शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक एवं व्यावसायिक दक्षताओं को भी मजबूत कर सकें। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के लिए व्यवहारिक ज्ञान और कौशल का होना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय रूप से भाग लेने, नई चीजें सीखने तथा अपने कौशल को निरंतर विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “आज सीखा गया एक नया कौशल भविष्य में रोजगार और सफलता का मजबूत आधार बन सकता है।” उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए हिंदुजा फाउंडेशन, लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन तथा इंडसइंड निप्पॉन फ्यूचर रेडी स्किल इनिशिएटिव से जुड़े सभी सहयोगी संस्थानों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और कॉलेज के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए इस प्रकार की पहल को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर कौशल विकास केंद्र के संयोजक अजयपाल सिंह ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें व्यावहारिक रूप से विकसित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण को केवल एक पाठ्यक्रम के रूप में न लेकर अपने व्यक्तित्व एवं करियर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में अपनाने का आह्वान किया। अजयपाल सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लगन, अनुशासन, निरंतर सीखने की इच्छा और सकारात्मक सोच सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों से अधिक से अधिक सीखें और अपनी झिझक को दूर करते हुए प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय भागीदारी करें। उन्होंने इस अवसर के लिए विद्यार्थियों को बधाई दी तथा सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों को शिक्षा से रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन की प्रशिक्षक रचना का भी आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में कौशल समन्वयक शालू की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने विद्यार्थियों को कार्यक्रम की रूपरेखा एवं प्रशिक्षण की उपयोगिता से अवगत कराया। इस अवसर पर डॉ. सुनित शर्मा, डॉ. निधान सिंह, डॉ. विक्रम कुमार, कौशल समन्वयक शालू आदि उपस्थित रहे।

Comments