Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


राकेश उर्फ राकू के परिजनों ने पुलिस पर फेक एनकाउंटर के आरोप लगाए.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 8, 2023 Tags: , , , , ,

– राकेश उर्फ राकू के को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया.

BOL PANIPAT : सिविल अस्पताल पहुंचे पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए राकेश उर्फ राकू के परिजनों ने पुलिस पर फेक एनकाउंटर के आरोप लगाए हैं। 32 साल का राकेश उर्फ राकू पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के कत्ल में शामिल लॉरेंस गैंग के शूटर प्रियवृत फौजी का छोटा भाई था। राकेश उर्फ राकू और उसके दो साथियों की शुक्रवार रात को पानीपत के समालखा एरिया में ढोडपुर गांव के नजदीक पानीपत पुलिस की CIA-2 यूनिट के साथ मुठभेड़ हो गई थी। इस एनकाउंटर में राकेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।

राकेश के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने 3 दिन पहले ही राकेश और उसके 2 साथियों को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया था। उनका यह भी आरोप है कि तीनों को छोड़ने की एवज में 5 लाख रुपए की डिमांड की गई। डिमांड पूरी न होने पर राकेश को थर्ड डिग्री टॉर्चर किया गया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी बॉडी समालखा ले जाकर गोली मारी और घटना को एनकाउंटर का रूप दे दिया।

राकेश के परिजनों ने मामले में शामिल पानीपत पुलिस की CIA-2 टीम पर हत्या का केस दर्ज करने और राकेश की बॉडी का मेडिकल पीजीआई रोहतक से पोस्टमार्टम करवाने की डिमांड की। परिवार ने कहा कि जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाएगी, वे बॉडी नहीं उठाएंगे। दिनभर पुलिस के अधिकारियों और मृतक के परिजनों के बीच बातचीत का दौर चला. शाम को सहमति बनने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों की बोर्ड टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में बताया कि पिछले दिनों शहर के बड़े मिष्ठान भंडार संचालक और डेयरी संचालक से जेल से फोन करके फिरौती मांगी गई थी। रंगदारी न देने पर दोनों को जान से मारने की धमकियां दी गई थीं। इसी मामले में आरोपी वांटेड थे।

Comments