Tuesday, October 13, 2026
Newspaper and Magzine


सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के द्वितीय चरण की परीक्षा 14 अक्टूबर को होगी आयोजित

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 13, 2026 Tags: , , , , , ,

जिला पानीपत के पांचों ब्लॉकों में आयोजित होगी परीक्षा; 5,235 विद्यार्थी लेंगे भाग

BOL PANIPAT : पुलिस अधीक्षक, पानीपत मेधा भूषण के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता सत्र 2026-27 के द्वितीय चरण की लिखित परीक्षा दिनांक 14 अक्टूबर, 2026 को जिला पानीपत के पांचों ब्लॉकों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।

इस परीक्षा में चार स्तरों के कुल 5,235 विद्यार्थी भाग लेंगे। इनमें कक्षा 3 से 5, कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 के स्कूली विद्यार्थी और कॉलेज/आईटीआई के विद्यार्थी शामिल हैं। कुल प्रतिभागियों में 5,172 स्कूली विद्यार्थी तथा 63 कॉलेज/आईटीआई के विद्यार्थी हैं। परीक्षा का आयोजन ब्लॉक स्तर पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।

डीएसपी ट्रैफिक सुरेश कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी प्रदान करना, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रति जागरूक करना तथा सुरक्षित यातायात व्यवहार को प्रोत्साहित करना है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने तथा उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाता है।

प्रतियोगिता के समन्वयक करमबीर द्वारा संबंधित शैक्षणिक संस्थानों एवं अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर परीक्षा के सफल एवं सुचारु आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

पानीपत पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनें, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।

पानीपत पुलिस सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा विद्यार्थियों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Comments


Leave a Reply