जो पार्टी गुर्जर समाज की अनदेखी करेगी समाज भी उस पार्टी की अनदेखी करने से पीछे नही हटेगा : पसीना
पानीपत में सरकार पर दहाड़े हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए गुर्जर सभा के प्रधान,कहा-गुर्जर समाज की सरकार कर रही अनदेखी
जल्द ही गुर्जर समाज करेगा प्रदेश स्तरीय सम्मेलन,सरकार पर दबाव बनाने के लिए दिखाएगा ताकत
गुर्जर समाज ने मृत्युभोज पर रोक लगाने की उठाई मांग,जल्द लेंगे निर्णय
BOL PANIPAT ,14 जनवरी : हरियाणा प्रदेश में गुर्जर समाज की सरेआम अनदेखी की जा रही है। पिछड़ा वर्ग (बीसी-बी) में जो पहले गुर्जर समाज को आरक्षण मिलता था उसमें भी हरियाणा सरकार ने कटौती करने का काम किया है। इतना ही नही बल्कि देश प्रदेश के अंदर आज तक भाजपा सरकार ने किसी भी गुर्जर समाज के व्यक्ति को किसी विश्वविद्यालय का कुलपति तक नही बनाया है, आईएएस व आईपीएस रैक से रिटायर अधिकारी को सरकार कोई ना कोई जिम्मेदारी देती है,लेकिन हरियाणा सरकार में डीजीपी पद से रिटायर डा.केपी सिहं की भी सरेआम सरकार ने अनदेखी कर साबित कर दिया है कि भाजपा सरकार गुर्जर समाज की अनदेखी कर रही है। उक्त बाते हरियाणा के विभिन्न जिलों से आए गुर्जर सभा के प्रधानों पानीपत के डझा रोड स्थित गुर्जर भवन में दहाड़ते हुए कही। साथ ही जल्द से जल्द प्रदेशस्तरीय गुर्जर सम्मेलन करने की बात कही। रविवार को गुर्जर भवन में पूर्व जिला पार्षद व गुर्जर सभा पानीपत के जिला प्रधान कर्णसिंह पसीना की अध्यक्षता में हरियाणा प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए गुर्जर सभा के प्रधानों की बैठक आयोजित हुई। बैठक के संचालन के लिए जयपाल छौक्कर को प्रधान नियुक्त किया गया। मंच का संचालन मा.मुकेश बोस व पूर्व चेयरमैन सुरेन्द्र जलमाना ने किया। इस दौरान गुर्जर सभा के विभिन्न जिलों से आए गुर्जर सभा के प्रधानों व विभिन्न पदाधिकारियों ने कहा कि गुर्जर समाज ने 90 प्रतिशत वोट भाजपा को दिए,लेकिन देश के अंदर समाज का एक भी मुख्यमंत्री नही है। गुर्जर सभा प्रधान कर्ण सिंह ने कहा कि अगर हमें समाज हित में कार्य करने है तो एकता का परिचय देना होगा और सरकार को अपनी ताकत दिखाने के लिए प्रदेश स्तरीय गुर्जर सम्मेलन करना होगा,ताकि सरकार केा गुर्जर समाज की ताकत का पता चल सकें। पसीना ने कहा कि जो पार्टी गुर्जर समाज की अनदेखी करेगी,समाज भी उस पार्टी की अनदेखी करने से पीछे नही हटेगा। प्रदेश स्तरीय गुर्जर महासम्मेलन पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए गुर्जर सभा के प्रधानों ने सहमति जताते हुए तन-मन-धन सहित हर प्रकार से सहयोग करने का आश्वासन दिया। पसीना ने कहा कि हमें अपने बच्चों की शिक्षा की और विशेष ध्यान देना चाहिए। शिक्षा वो शेरनी का दूध है जो इसे पियेगा वो ही देश ही नही विश्व में दहाडेगा। पसीना ने कहा कि राजनीति से भी बड़ी समाज नीति है,जो समाज संगठित नही होता वो तरक्की नही कर सकता है,इसलिए गुर्जर समाज का संगठित होना जरूरी है। राजकुमार छौक्कर ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला प्रधानों को लेकर एक कमेटी बनाई जाए,जिसमें हर जिलें से एक व्यक्ति लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के अंदर वो ताकत है जो कि माननीय कोर्ट में भी नही है। समाज 307 व 370 जैसे फैसले आपसी भाईचारे से निपटाकर उक्त धाराएं खत्म कर सकता है,लेकिन माननीय न्यायालय के पास उक्त धारा को खत्म करने की ताकत नही है। इस मौके पर गुर्जर सभा पंचकुला प्रधान महाबीर छौक्कर,गुरुग्राम प्रधान रामगोपाल तंवर,सोनीपत प्रधान बलजीत सिहं भडाना,करनाल प्रधान श्यामलाल चैची,कैथल से सुरेश तंवर,कुरूक्षेत्र गुर्जर धर्मशाला ओमप्रकाश,हिसार से कृष्ण खटाना,पलवल से सतबीर पटेल,समालखा प्रधान जयसिहं,कैराना से मांगेराम,यमुनानगर से प्रेमपाल सिहं,पूर्व एसडीएम प्रेमसिहं कुरूक्षेत्र,पूर्व डीएफओ सूरजभान,डा.कृष्णदेव शास्त्री,अनुप,जगबीर पलवल,तेजपाल सोनीपत,सतीश बोस,पअम्बर रावल,पूर्व सरपंच कटारसिहं,सतपाल रावल,सुरेश तंवर आदि अनेक मौजूद थें।
मृत्युभोज पर लगाई रोक
गुर्जर भवन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए गुर्जर सभा के प्रधानों व पदाधिकारियों ने मृत्यु भोज पर रोक लगाने पर सहमति जताई और जल्द ही उक्त मामले में एक बैठक बुलाने का निर्णय लिया गया,ताकि समाज को जागरूक किया जा सकें। उन्होंने कहा कि मृत्यु भोज सामाजिक बुराई है। इस पर रोक लगाना जरूरी है।
विपक्ष पर केंद्रीय मंत्री तो सरकार पर दहाड़े गुर्जर सभा प्रधान
केंद्रीय इस्पात एवं नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को पानीपत के ऐतिहासिक स्थल काला आंब पर आयोजित शौर्य दिवस कार्यक्रम में सरकार के कार्यो का गुणगान कर विपक्ष पर प्रहार किया तो वही नजदीक ही गुर्जर भवन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए गुर्जर सभा के प्रधानों ने सरकार पर समाज की अनदेखी का आरोप लगाया और सरकार पर जमकर दहाडें। उन्होंने कहा कि सरकार उनकी अनदेखी कर उनकें साथ मजाक कर रही है,जबकि गुर्जर समाज ने सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाई है,लेकिन इसके बाद भी गुर्जर समाज की अनदेखी की जा रही है,जोकि असहनीय है। पानीपत की ऐतिहासिक धरती से गुर्जर सरदारों ने ऐलान किया कि जल्द ही गुर्जर समाज ठोस कदम उठाकर सरकार को आईना दिखाने का काम करेगा। और जो पार्टी गुर्जर समाज को अनदेखा करगी,गुर्जर समाज उस पार्टी को उसकी औकात दिखाने का काम करेगा। साथ ही उन्होने कहा कि गुर्जर समाज सभी समाज को साथ लेकर चलने वाला समाज है।

Comments