आई.बी.महाविद्यालय का विद्यार्थी दल हिमालय का वानस्पतिक सर्वेक्षण करके आया।
BOL PANIPAT : आई.बी.महाविद्यालय के जीव विज्ञान परिषद के तत्वाधान में विद्यार्थियों का एक दल उत्तराखंड की पहाड़ियों में बसे जैव-विविधता से परिपूर्ण रमणीक स्थल चकराता का भ्रमण करने के लिए गया। इस दल के वापिस पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. अजय कुमार गर्ग ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए जीव विज्ञान परिषद के और वनस्पति शास्त्र विभाग को बधाई दी। उन्होंने बताया कि वनस्पति अवलोकन और संग्रहण का यह भ्रमण महाविद्यालय के जीव विज्ञान परिषद का वार्षिक कार्यक्रम है। प्रतिवर्ष हमारे महाविद्यालय के विद्यार्थी प्रकृति के बीच पहुंचकर प्रायोगिक ज्ञान में वृद्धि करते हैं, क्योंकि सिर्फ पुस्तकीय ज्ञान से आज के इस प्रतिस्पर्धा के दौर में हमारे विद्यार्थी पिछड़ सकते हैं। विद्यार्थियों के इस दल का नेतृत्व डॉ. निधान सिंह, विभागाध्यक्ष वनस्पति विज्ञान विभाग ने किया। उन्होंने बताया कि वनस्पति और प्राणी विज्ञान सिर्फ़ कक्षा में सीखने के विषय नहीं हैं और इनका वास्तविक ज्ञान व्यवहारिक रुप से चीजों को देखने से प्राप्त होता है। इस दल ने निम्न वर्गीकृत पादप जैसे ब्रायोफाइट्स, टेरीडोफाइट्स, फंजाई और लाइकंस के अलावा उच्च वर्गीकृत पौधों जैसे जिम्नोस्पर्म्स और एंजिओस्पर्म्स का उनके प्राकृतिक आवास में अध्ययन किया एवं कुछ औषधीय महत्त्व के दुर्लभ पौधों को भी देखा। तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ज्ञानवर्धन के साथ प्रकृति की नैसर्गिक सुंदरता का आनंद उठाया। इस कार्यक्रम में प्रो. अंजुश्री, प्रो. रजनी, प्रो. भावना मलिक ने सक्रिय भूमिका निभाई और पंकज ने भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।

Comments