सेवा, समर्पण और संकल्प की गौरवगाथा है ‘शून्य से शिखर तक’ नाट्य प्रस्तुति: डॉ. सुनील कुमार बसताड़ा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन-संघर्ष और राष्ट्र-सेवा की प्रेरक गाथा को जीवंत करेगी नाट्य प्रस्तुति ‘शून्य से शिखर तक’
30 अक्टूबर को सायं 4:30 बजे इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम, सेक्टर-5, पंचकूला में होगा आयोजन
BOL PANIPAT , 28 अक्टूबर। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बसताड़ा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन-संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनसेवा के संकल्प पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ‘शून्य से शिखर तक’ समाज के लिए प्रेरणा का सशक्त माध्यम बनेगी। यह प्रस्तुति प्रधानमंत्री के जीवन के संघर्षपूर्ण सफर और राष्ट्र-सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां युवाओं में सकारात्मक सोच, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रप्रेम और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की भावना को प्रोत्साहित करती हैं।
डॉ. बसताड़ा ने बताया कि हरियाणा सरकार के तत्वावधान में ‘सेवा-संकल्प : शून्य से शिखर तक’ नाट्य प्रस्तुति का आयोजन शुक्रवार, 30 अक्टूबर को सायं 4:30 बजे इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम, सेक्टर-5, पंचकूला में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस नाट्य प्रस्तुति का आयोजन दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय, रोहतक तथा सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग, हरियाणा के संयुक्त प्रयासों से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कला और रंगमंच के माध्यम से प्रस्तुत जीवन-प्रेरक प्रसंग आमजन तक प्रभावी संदेश पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसी प्रस्तुतियां समाज में सेवा, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाती हैं।
डॉ. सुनील कुमार बसताड़ा ने आमजन से आह्वान किया कि वे इस प्रेरणादायी नाट्य प्रस्तुति में सहभागिता कर कार्यक्रम का लाभ उठाएं और राष्ट्र-सेवा तथा जनकल्याण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में प्रेरणा प्राप्त करें।

Comments