Sunday, October 25, 2026
Newspaper and Magzine


हाइवे पर कार सवार मोबाइल विक्रेता से लूट करने वाले गिरोह का तीसरा आरोपी गिरफ्तार. 7 मोबाइल व वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो गाड़ी बरामद.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at October 30, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 30 अक्तूबर 2025,सीआईए वन पुलिस टीम ने नेशनल हाइवे-44 पर नांगल खेड़ी के पास युवकों की कार का रास्ता रोककर लूट करने वाले गिरोह के तीसरे आरोपी को बुधवार को सेक्टर-18 मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गांव मायना रोहतक निवासी विक्की के रूप में हुई है।

सीआईए वन के कार्यवाहक प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए वन की टीम ने उक्त लूट करने वाले गिरोह के दो आरोपियों गांव रिठाल हाल सूर्य नगर रोहतक निवासी मयंक उर्फ सूरज व कैथल निवासी सन्नी को बीते शुक्रवार को सिवाह बस अड्डे के पास से काबू किया था। पूछताछ में आरोपियों ने फरार अपने दो साथी आरोपियों गांव मायना रोहतक निवासी विक्की व रोहतक निवासी नरेंद्र के साथ मिलकर लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा था।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया था कि वह दोनों फरार साथी आरोपियों विक्की व नरेंद्र के साथ पानीपत पार्टी में शामिल होने के लिए आए थे। आरोप मयंक दोस्त की स्कार्पियों गाड़ी मांग कर लाया था। चारों आरोपी पार्टी के बाद स्कार्पियो में सवार होकर बस अडडे से शहर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने नांगलखेड़ी के पास आगे चल रही वैगनआर कार का स्कार्पियो से रास्ता रोककर लूट की।

इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि फरार आरोपियों के ठीकानों का पता लगा काबू करने व लूटा गया सामान बरामद करने के लिए पुलिस ने शनिवार को आरोपी मयंक उर्फ सूरज व सन्नी को माननीय न्यायायल में पेश कर जहा से दोनों आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। फरार आरोपी विक्की को पुलिस टीम ने बुधवार को सेक्टर18 मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।
तीनों आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 7 मोबाइल फोन व वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो गाड़ी बरामद कर पुलिस ने बुधवार को आरोपी मयंक उर्फ सूरज व सन्नी को रिमांड अवधी पूरी होने पर व आरोपी विक्की को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

यह है मामला

थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में कैथल निवासी सुधीर पुत्र कृष्ण लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि दिल्ली करोल बाग में उसकी मोबाइल की दुकान है। 19 अक्तूबर की देर रात वह अपने ड्राइवर मोहित के साथ वैगनआर कार में दिल्ली से पानीपत आ रहा था। रात करीब 12:30 बजे जीटी रोड पर नांगल खेड़ी गांव के पास पहुंचे तो एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी ने रास्ता रोककर उनकी गाड़ी को रूकवा लिया। लूटपाट करने के लिए स्कॉर्पियो गाड़ी से तीन चार लड़के नीचे उतर उनकी गाड़ी की तरफ आने लगे। डर के मारे वह और ड्राइवर गाड़ी को छोड़कर भाग लिए। आरोपी उनकी गाड़ी को ले गए और एनएफएल के गेट के सामने खड़ी कर फरार हो गए। तलाश करते हुए वह दोनों गाड़ी के पास पहुंचे। चेक करने पर गाड़ी में ओपो कंपनी के 10 मोबाइल फोन, एक लेपटॉप व कपड़ो का बैग नहीं मिला। आरोपी गाड़ी से उक्त सामान ले गए। थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में सुधीर की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments