छात्र शेखर की हत्या मामले में आरोपी ताऊ-ताई गिरफ्तार. दोनों को भेजा जेल.
BOL PANIPAT , 26 जून : गांव बडौली निवासी 16 वर्षीय छात्र शेखर की हत्या मामले में आरोपी ताऊ कृष्ण व ताई बिमला को सीआईए वन पुलिस ने वीरवार को गिरफ्तार किया।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ताऊ कृष्ण व ताई बिमला ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो बेटों अजय व विजय के साथ मिलकर भतीजे शेखर पर इंटरलॉक टाईल से हमला कर उसकी हत्या करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया शेखर का पिता रामेश्वर उनके घर के पास गली में अपना टेम्पों खड़ा कर देता था। टेम्पों खड़ा करने को लेकर उनकी भाई रामेश्वर व उसके बेटे शेखर के साथ पहले कई बार कहासुनी व गाली गलौच हुई थी। इसी की रंजिश रखते हुए 22 अप्रैल को उन सभी ने मिलकर उक्त वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने वीरवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी अजय व विजय के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गंडासी व इंटरलॉक टाईल बरामद कर दोनों आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।
थाना सदर के गांव बड़ौली में 22 अप्रैल की शाम छात्र शेखर पर इंटरलॉक टाईल से जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल छात्र शेखर की 23 जून को पीजीआई रोहतक में इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
पुलिस अधीक्षक श्री भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सीआईए वन पुलिस टीम को सौंपी गई थी। साथ ही थाना सदर में पहले से दर्ज मामले में बीएनएस की धारा 103(1) इजाद की गई थी।
प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया मामले की जांच जारी है। जांच में जिसकी भी संलिप्तता पाई जाएगी उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह है मामला
थाना सदर में बड़ौली निवासी रामेश्वर दास पुत्र शीशराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 22 अप्रैल को शाम करीब 7 बजै अपने छोटा हाथी (टेंपो) को लेकर जाने के लिए तैयार था। उसका टेंपो उसके घेर (प्लाट) के सामने खड़ा था, जहां उसके बड़े भाई कृष्ण लाल का मकान है। तभी भाई कृष्ण लाल, उसके लड़के अजय व विजय तथा बिमला और लोकेशा ने मिलकर मेरा रास्ता रोक लिया। वे सभी कहने लगे कि तूने यहां पर छोटा हाथी (टेंपो) क्यों खड़ा किया है। इसी दौरान मेरा लड़का शेखर शर्मा भी वहां आ गया। शेखर को देखकर विजय छत पर चला गया और वहां से उसने शेखर के सिर पर इंटरलॉक ईंट मार दी। इसके बाद अजय ने मेरे दोनों कंधों पर गंडासी से वार कर दिए। कृष्ण लाल, उसकी पत्नी बिमला तथा पुत्रवधू लोकेशा ने मुझे पकड़ लिया और मेरे साथ लात-घूंसों से मारपीट की। आरोपियों ने मेरे छोटे हाथी (टेंपो) का शीशा भी तोड़ दिया। मारपीट करने के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। मेरी पत्नी पूनम देवी और मेरी भाभी पिंकी हम दोनों पिता-पुत्र को इलाज के लिए पानीपत अस्पताल लेकर गईं। थाना सदर में रामेश्वर दास की शिकायत पर बीएनएस की धारा 191(3), 190, 118(1), 117(2), 126(2), 324(2), 351(3) के तहत अभियोग दर्ज की पुलिस ने आरोपियों को धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments