असंध रोड फोरलेन सडक का नहीं रूकेगा काम, कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए निरतंर जारी रहेगा निर्माण कार्य-मंत्री कृष्ण लाल पंवार
BOL PANIPAT , 18 मई। प्रदेश के विकास एवं पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि असंध रोड फोरलेन सडक का कार्य निरतंर जारी रहेगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारिंयों को निर्देश दिए कि वे सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए सडक के निर्माण कार्य को निरतंर जारी रखें।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार सडक़ नेटवर्क को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में पानीपत से जींद तक असंध रोड को फोरलेन बनाने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकास, पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने इस कार्य में व्यक्तिगत दिलचस्पी दिखाते हुए कहा है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और आमजन की सुविधा के लिए अहम साबित होगी।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने निर्माण कार्य को संतुलित तरीके से आगे बढ़ाने की रणनीति अपनाई है। पानीपत शहर असंध रोड स्थित नहर बाईपास से लेकर दरियापुर मोड़ तक करीब 54 करोड़ रुपए की लागत से 22 किलोमीटर लम्बी बनने वाली फोरलेन सडक़ परियोजना क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को नई गति प्रदान करेगी। इससे पानीपत, मतलौडा और आसपास के गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी तथा व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
सडक़ निर्माण में बाधा बन रही कुछ 33 केवी बिजली लाइनों को शिफ्ट करने और क्रॉसिंग लाइनों की ऊंचाई बढ़ाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने 2.42 करोड़ रुपए का टेंडर जारी किया है। यह टेंडर 21 मई को खोला जाएगा। इससे पहले 11 केवी लाइन शिफ्टिंग का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त पेड़ कटाई का कार्य लगभग पहले से ही पूरा हो चुका है।
पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा सरकार विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों को साथ लेकर चल रही है। सरकार का उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक सडक़ सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि असंध रोड फोरलेन बनने से क्षेत्र में यातायात दबाव कम होगा और लोगों का सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के तहत पुराने बिजली खंभों की जगह नए आधुनिक ट्रांसमिशन टावर लगाए जाएंगे जिससे भविष्य में बिजली व्यवस्था भी अधिक मजबूत और सुरक्षित होगी।
पंवार ने कहा कि सरकार की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से आने वाले समय में क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के बीच विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि फोरलेन के इस कार्य में किसी भी तरह की कोई बाधा नहीं है और यह कार्य प्रगति पर है।

Comments