Wednesday, June 17, 2026
Newspaper and Magzine


अबकी बार दस हजार का लक्ष्य. इसराना ब्लॉक में प्रवेश उत्सव को लेकर शिक्षा विभाग सक्रिय.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 11, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT /इसराना, 11 मार्च। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रवेश उत्सव को सफल बनाने और सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से इसराना ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी स्कूलों के मुखियाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आज मॉडल संस्कृति स्कूल इसराना में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत राकेश बूरा ने की।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने सभी विद्यालय प्रमुखों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अबकी बार दस हजार का लक्ष्य देते हुए बताया कि पूरे पानीपत जिले में इस सत्र के दौरान सरकारी विद्यालयों में 10 हजार नए विद्यार्थियों को जोडऩे का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं इसराना ब्लॉक के लिए 1000 पार का नारा दिया गया जिसमें इसराना ब्लॉक के स्कूलों में 1000 नए विद्यार्थियों का लक्ष्य तय किया गया है।

उन्होंने विद्यालय प्रमुखों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रवेश उत्सव के दौरान प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जाए और प्रत्येक विद्यालय अपनी शैक्षणिक, खेल एवं सह-पाठ्यक्रम उपलब्धियों को समाज के सामने प्रस्तुत करे, ताकि अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता और सुविधाओं की जानकारी मिल सके।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शिक्षकगण घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क करेंगे और बच्चों को सरकारी विद्यालयों में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही विद्यालयों से बाहर रह गए ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा स्कूल से जोडऩे पर भी विशेष जोर दिया गया।

इस दौरान आगामी 15 मार्च को आयोजित होने वाली ‘उल्लास’ परीक्षा के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई और विद्यालयों को अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही विद्यार्थियों की गणितीय प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले मैथ ओलिंपियाड के बारे में भी शिक्षकों को जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों की तैयारी को और अधिक मजबूत बनाने के लिए गणित ओलंपियाड खंड-1 नामक पुस्तक भी जिला पानीपत द्वारा तैयार की गई है, जो राकेश बूरा जी, डीइओ पानीपत के मार्गदर्शन में बनाई गई है। यह पहल जिला पानीपत के विद्यार्थियों को गणित में उत्कृष्टता प्राप्त करने तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और ओलंपियाड की तैयारी में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान कर रही है।

बैठक के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी विद्यालय मुखियाओं से आह्वान किया कि वे प्रवेश उत्सव को एक जन अभियान के रूप में आगे बढ़ाएं, ताकि अधिक से अधिक बच्चे सरकारी विद्यालयों से जुडक़र गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें। बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी इसराना अनिल कुमार, जिला समन्वयक संदीप रत्तेवाल तथा जिला गणित विशेषज्ञ श्री रणबीर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Comments