युवक का रास्ता रोककर लाठी, डंडों से हमला कर चोट मारने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
-वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो व ओरा गाड़ी व एक डंडा बरामद
BOL PANIPAT , 22 नवंबर : समालखा की ऑसिसर कॉलोनी में डिकाडला निवासी दीपक का रास्ता रोककर लाठी, डंडों से हमला कर चोट मारने के तीन आरोपियों को समालखा थाना पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान देहरा गांव निवासी अजय व डिकाडला निवासी तुषार व नवीन के रूप में हुई है।
थाना समालखा प्रभारी सब इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों ने फरार अपने दो अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर रंजिशन दीपक का रास्ता रोककर हमला कर चोट मारने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा।
आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो व ओरा गाड़ी व एक डंडा बरामद कर पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।
यह है मामला
थाना समालखा में गांव डिकाडला हाल हथवाला रोड समालखा निवासी दीपक पुत्र जसबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि करीब दो महीने पहले उसके जानकार लाखू बुआना गांव निवासी संदीप के खिलाफ देहरा गांव निवासी अजय पुत्र धर्मवीर ने पैसों के लेनदेन बारे थाना में शिकायत दी थी। संदीप ने फोन कर उसे भी थाना में बुला लिया था। जहां दोनों का पंचायती तौर पर राजीनामा हो गया था। अजय उसी दिन से उससे रंजिश रखने लगा। अजय ने उसको संदीप के साथ आने का मजा चखाने की बात भी कही थी।
16 नवंबर को वह समालखा की ऑफिसर कॉलोनी में स्थित प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में अपने दोस्त मच्छरौली गांव निवासी अनूप से मिलने गया था। दोस्त अनूप से मिलने के बाद वह घर के लिए चला तो तभी एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी वह एक सफेद रंग की ओरा गाड़ी में सवार होकर आए देहरा निवासी अजय, डिकाडला निवासी रविंद्र, तुषार, नवीन व आटा गांव निवासी कुनाल व इनके साथ आए 8-10 लड़कों ने मिलकर रास्ता रोककर उस पर लाठी, डंडों व सरिये से हमला कर दिया। अजय ने सरिये से उसके सिर पर वार किए। नवीन ने उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली। सिर में चोट लगने से वह बेहोश होकर नीचे गिरा। सभी आरोपी चोट मारने के बाद उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। दोस्त अनुप व इन्द्रा उसे इलाज के लिए समालखा सरकारी अस्पताल लेकर गए। डाॅक्टर ने उसकी हालत को देख रेफर कर दिया।
थाना समालखा में दीपक की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments