Saturday, September 5, 2026
Newspaper and Magzine


खेत में काम कर रहे युवक पर डंडों व दराती से हमला कर गंभीर चोट मारने के तीन आरोपी गिरफ्तार

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 5, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 05 सितंबर : थाना समालखा पुलिस ने गांव नामुंडा में खेत में काम कर रहे युवक पर डंडों व दराती से हमला कर गंभीर चोट मारने के मामले में तीन आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गांव नामुंडा निवासी बिजेंद्र उर्फ बिल्लू, दीपक व पवन के रूप में हुई है।

थाना समालखा प्रभारी इंस्पेक्टर महिपाल ने बताया कि थाना समालखा में गांव नामुंडा निवासी अर्जुन पुत्र सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह 19 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे अनिल पुत्र अमीर चंद नंबरदार के खेत में भिंडी तुड़वाने के लिए गया था। वह भिंडी की छंटाई करने के लिए पेड़ के नीचे बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां दो अज्ञात युवक आए। दोनों युवकों ने पहले उससे अमरूद खाने की बात कही और बाद में भिंडी मांगी। इसके बाद एक युवक ने उसका मुंह दबा लिया और दूसरे ने उसकी टांग पकड़ ली।
इसी दौरान आनंद, बल्लू, नीटू, गोनी, भोला, पवन, वंश, सुमित, साहिल निवासी नामुंडा, मनमीत ढांडा निवासी गवालड़ा तथा उनके 15-16 अन्य साथी वहां पहुंचे और गंडासी, रॉड, मोटरसाइकिल की चेन व अन्य हथियारों से उस पर हमला कर दिया। आरोपी बल्लू ने उसके सिर पर सीधे गंडासी से वार किया, जिससे वह बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी टांग पकड़कर उसे घसीटते रहे।
खेत में भिंडी तोड़ रहे अन्य मजदूर मौके पर पहुंच गए। मजदूरों का शोर सुनकर सभी आरोपी उसे खेत में छोड़कर फरार हो गए। किसी ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नारायणा लेकर गई।
उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे पानीपत व समालखा के सिविल अस्पतालों तथा करनाल स्थित कल्पना चावला अस्पताल के लिए रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे असंध रोड स्थित सुनील मेमोरियल अस्पताल लेकर गए, जहां वह करीब सात दिन तक उपचाराधीन रहा। उसकी दोनों टांगें टूटी हुई हैं और उनका ऑपरेशन होना बाकी है। उसके सिर पर भी गंभीर चोटें लगी हैं। आरोपी उसे जान से मारने की नीयत से अस्पताल तक भी पहुंचे थे, लेकिन वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों ने उन्हें अस्पताल के अंदर नहीं जाने दिया। थाना समालखा में अर्जुन की शिकायत पर संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

प्रभारी इंस्पेक्टर महिपाल ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों ने पूछताछ में वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक डंडा, दराती व बाइक बरामद कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।

Comments


Leave a Reply