विद्यार्थियों ने पोस्टर एवं स्लोगन प्रदर्शनी के माध्यम से समाज में नशा मुक्ति का सशक्त संदेश प्रसारित किया।
BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत में युवा नशा विरोधी क्लब के संयोजक अजय पाल सिंह के निर्देशन में ड्रग्स एवं तंबाकू के दुष्प्रभावों पर जागरूकता प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पोस्टर एवं स्लोगन प्रदर्शनी के माध्यम से समाज में नशा मुक्ति का सशक्त संदेश प्रसारित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य को नष्ट करता है, बल्कि यह व्यक्ति को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से भी कमजोर बना देता है। समाज को एकजुट होकर युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए प्रयास करना होगा, तभी एक स्वस्थ एवं सशक्त भारत का निर्माण संभव है। आज की यह प्रदर्शनी जन-जागरूकता आंदोलन की दिशा में एक सशक्त कदम है। यदि एक भी विद्यार्थी इस संदेश से प्रेरित होकर नशे से दूर रहता है, तो हमारा प्रयास सार्थक होगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक अजय पाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, क्षमता और जीवन को नष्ट कर देता है। नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र को खोखला कर देता है। हमारा उद्देश्य केवल कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन का मिशन चलाना है। युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, यदि उन्हें नशे से बचाया जाए तो राष्ट्र का भविष्य उज्ज्वल बनेगा। इस आयोजन में समिति सदस्यों डॉ. शर्मिला यादव, डॉ. निर्मला, डॉ. नरवीर, राहुल कुमार एवं अजय कुमार का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में डॉ. सुनित शर्मा, डॉ. निधान सिंह, डॉ. विक्रम कुमार, पवन कुमार, अश्वनी, ममता , विष्णु कुमार एवं विजय सहित अनेक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Comments