सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने के लिए बच्चों का आधार नामांकन समय पर करवाना जरूरी-अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे
200 बच्चों के आधार संबंधी कार्य पूरे, बीईओ कार्यालय में लगा विशेष शिविर
पांच साल से कम उम्र के बच्चों के अभिभावक भी पहुंचे, मौके पर मिली सुविधा
आधार सेवाओं को सरल बनाने के लिए प्रशासन की पहल
BOL PANIPAT , 19 सितंबर। बच्चों के आधार नामांकन और आधार से जुड़े अन्य कार्यों को आसान बनाने के उद्देश्य से शनिवार को बीईओ कार्यालय, पानीपत में विशेष आधार शिविर लगाया गया। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित कुमार चौकसे के आदेशानुसार आयोजित शिविर में करीब 200 बच्चों ने भाग लिया। शिविर में बच्चों के आधार नामांकन सहित आधार से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए पंजीकरण और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
शिविर में खास तौर पर पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों के अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे। इस दौरान आधार नामांकन से संबंधित प्रक्रिया पूरी करवाने के साथ अभिभावकों को आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन भी दिया गया। इससे अभिभावकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए अलग से कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित कुमार चौकसे ने कहा कि बच्चों का आधार नामांकन समय पर करवाना जरूरी है, ताकि उन्हें भविष्य में विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रशासन का प्रयास है कि आधार से संबंधित सेवाएं लोगों को उनके नजदीक उपलब्ध करवाई जाएं और नामांकन की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से बच्चों और अभिभावकों को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधा एवं मार्गदर्शन उपलब्ध करवाया जा रहा है।
शिविर में अधिकारियों और कर्मचारियों ने बच्चों एवं उनके अभिभावकों को आधार से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी दी तथा आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया को पूरा करवाने में सहयोग किया। शिविर के सफल आयोजन में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Comments