Saturday, July 25, 2026
Newspaper and Magzine


हकृवि हिसार में 18 अगस्त से नर्सरी उत्पादन तकनीक व 22 अगस्त से केंचुआ खाद उत्पादन विषय पर प्रशिक्षण

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 17, 2023 Tags: , , , ,

प्रवेश पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर

BOL PANIPAT , 17 अगस्त। उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के सायना नेहवाल कृषि प्रौद्योगिकी, प्रशिक्षण एवं शिक्षा संस्थान द्वारा 18 से 21 अगस्त तक नर्सरी उत्पादन तकनीक तथा 22 से 24 अगस्त तक केंचुआ खाद उत्पादन विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षणों में किसी भी वर्ग, आयु के इच्छुक महिला व पुरूष भाग ले सकेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि ये प्रशिक्षण निशुल्क होंगे। नर्सरी उत्पादन तकनीक प्रशिक्षण में फलदार पौधों, सब्जियों व अन्य फसलों की वैज्ञानिक तरीके से नर्सरी तैयार करने की तकनीक पर महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि केंचुआ खाद उत्पादन तकनीक विषय पर प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को वैज्ञानिक तरीके से केंचुआ खाद उत्पादन, केंचुए की प्रजातियां, जीवन चक्र, अनुकूल वातावरण, मार्केटिंग इत्यादि पर विस्तार से बताकर युवाओं का कौशल विकास किया जाएगा ताकि युवाओं को स्वावलंबी बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षणों के दौरान प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय की विभिन्न पौधशालाओं, केंचुआ उत्पादन इकाई  के बारे मै विस्तार पूर्वक जानकारी दी जाएगी।
उपायुक्त ने बताया कि नर्सरी उत्पादन तकनीक पर प्रशिक्षण में भाग लेने वाले इच्छुक प्रतिभागी संस्थान में 18 अगस्त सुबह 9 बजे और केंचुआ खाद उत्पादन तकनीक में प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रतिभागी 22 अगस्त सुबह 9 बजे संस्थान में पहुंचकर पंजीकरण करवाकर भाग ले सकते हैं। इन दोनों प्रशिक्षणों का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। साथ ही प्रशिक्षण पूरा करने पर संस्थान की तरफ से प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इन प्रशिक्षणों में प्रवेश पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। पंजीकरण के लिए प्रतिभागी एक फोटो व आधार कार्ड की फोटोकॉपी जरूर साथ लेकर आए।

Comments