Thursday, July 9, 2026
Newspaper and Magzine


पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता. किसी भी पात्र व्यक्ति को न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी: डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 9, 2026 Tags: , , , , ,

जनता समाधान शिविर में जनसमस्याओं की गूंज, उपायुक्त ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

अवैध कब्जे, गंदे पानी और भत्ते की शिकायतों पर प्रशासन ने दिखाई संवेदनशीलता

समाधान शिविर बना आमजन की आवाज का मजबूत मंच, 12 शिकायतों पर शुरू हुई कार्रवाई

जनता समाधान शिविर में  शिकायतों की सुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

BOL PANIPAT , 9 जुलाई। हरियाणा के मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों पर आयोजित जनता समाधान शिविर के तहत वीरवार को जिला सचिवालय सभागार में आमजन की समस्याओं की सुनवाई की गई। शिविर की अध्यक्षता उपायुक्त हरिश कुमार वशिष्ठ ने की। उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को प्रत्येक मामले में निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

  शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। उपायुक्त ने सभी शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। समाधान शिविर में छिछड़ाना निवासी सुशील ने गांव की फिरनी पर से अवैध कब्जे हटवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। उपायुक्त ने मामले की जांच कराने के आदेश दिए।

  रिसपुर वासी अनिल ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके खेत में गंदे पानी के टैंकरों से पानी डाला जा रहा है, जिससे फसल प्रभावित हो रही है। उन्होंने ऐसे कार्यों पर रोक लगाने की मांग की। प्रशासन ने संबंधित विभाग को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। विकास नगर वासी भगवान दास ने बताया कि टीबी मरीजों को दवा पिलाने के एवज में मिलने वाला भत्ता उन्हें अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से भत्ता दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कई प्रार्थियो ने राशन कार्ड बनवाने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन मामलों में तत्काल कार्रवाई करने और पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

  उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा, जनता समाधान शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। प्रत्येक शिकायत प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है और किसी भी पात्र व्यक्ति को न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और जन शिकायतों से जुड़े मामलों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई कर रही है। प्रत्येक शिकायत का तथ्यों के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाएगा तथा आमजन को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

  नगराधीश टीनू पोसवाल ने कहा, जनता समाधान शिविर प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास का मजबूत माध्यम बन रहा है। सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश हैं कि शिकायतों का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर परिणाम दिखाई दें। प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

  डीडीपीओ राजेश शर्मा और डी आर ओ कंलब लाकड़ा ने कहा, ग्राम स्तर पर आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। अवैध कब्जे, सार्वजनिक रास्तों, फिरनी और ग्रामीण सुविधाओं से संबंधित शिकायतों पर निष्पक्ष जांच कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply