थाना तहसील कैंप क्षेत्र में घर पर हमला कर तोड़फोड़ करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
BOL PANIPAT : 25 सितंबर। थाना तहसील कैंप टीम पुलिस टीम ने वधावाराम कॉलोनी में एक घर पर लाठी-डंडों से हमला करने और गाड़ी के शीशे तोड़ने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए वीरवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान वधावाराम कॉलोनी निवासी गोलू पुत्र धर्मबीर तथा विशाल पुत्र जोगिंद्र के रूप में हुई है।
थाना तहसील कैंप प्रभारी सब इंस्पेक्टर बंसीलाल ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मामले में नामजद आरोपी करण के कहने पर उसके साथ मिलकर फरार अन्य कई साथी आरोपियों के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई। और मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है।
यह है मामला;
थाना तहसील कैंप में वधावाराम कॉलोनी निवासी विरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 22 सितंबर को दिन के समय उसकी पत्नी ने घर के सामने रहने वाले करण पुत्र राजू भारती से कहा था कि वह अपने साइड वाले खाली मकान में शरारती तत्व को न बुलाया करे, क्योंकि इससे वहां का माहौल खराब होता है। इसी बात की रंजिश रखते हुए रात करीब 11 बजे करण अपने साथी कार्तिक, अमन और 11 अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडे व हथियार लेकर उनके घर पर आ धमका। आरोपियों ने आते ही दरवाजे पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए, गाली-गलौज की और परिजनों को बाहर निकलने की ललकार दी। आरोपियों के खौफ से विरेंद्र और उनका पूरा परिवार घर के अंदर ही छिपा रहा। सभी आरोपी काफी देर तक दरवाजे पर लाठी-डंडे बरसाते रहे और जब कोई बाहर नहीं निकला, तो जान से मारने की धमकी देते हुए हथियारों सहित मौके से भाग गए। भागते समय आरोपियों ने पास वाली गली में खड़ी बिट्टू की ईको गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। थाना तहसील कैंप में विजेंद्र की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments