Friday, June 12, 2026
Newspaper and Magzine


ट्रक से बैटरी व खेतों में ट्यूबवेल से केबल सहित अन्य उपकरण चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार. 21 वारदातों को खुलासा.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at June 9, 2023 Tags: , , , , ,

चोरीशुदा सामान खरीदने वाला आरोपी कबाड़ी भी गिरफ्तार

BOL PANIPAT : 09 जून 2023, सीआईए टू की टीम ने पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए ट्रकों से बैटरी व खेतों में ट्यूबवेल की केबल सहित अन्य उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफ़ाश करते हुए दो आरोपियों को बीती देर साय काबू करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरीशुदा सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों से चोरी की 21 वारदातों का खुलासा हुआ है।

सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि उनकी टीम वीरवार को गश्त के दौरान समालखा में जीटी रोड़ पर मौजूद थी। टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध किस्म के दो युवक अनाज मंडी गेट के पास किसी अपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों को काबू कर पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान रोहित पुत्र राजबीर निवासी कालीरमन पाना व रामू पुत्र रणधीर निवासी कस्तूरी कॉलोनी समालखा के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने करीब 15 दिन पहले रात के समय समालखा में अनाज मंडी के पास खड़े एक ट्रक से दो बैटरी चोरी करने बारे स्वीकारा। चोरी की उक्त वारदात बारे थाना समालखा में गांव गढ़ी सिकंदरपुर निवासी सुनील की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरीशुदा उक्त दोनों बैटरी समालखा में कबाड़ी जसवंत उर्फ टीटी निवासी खटीक बस्ती को 5 हजार रूपए में बेचने बारे स्वीकारा। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर आरोपी कबाड़ी को समालखा में खटीक बस्ती से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने चोरीशुदा उक्त दोनों बैटरी खरीदने बारे स्वीकारा।

इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों पूछताछ की तो आरोपियों ने जिला में अलग अलग स्थान पर ट्रकों व बसों से बैटरी व खेतों में टयूबवेल की केबल सहित अन्य उपकरण चोरी करने की 20 अन्य वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा। उक्त वारदातों बारे थाना समालखा, थाना इसरान व थाना सनौली में मुकदमें दर्ज है।

इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया की पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ दोनों आरोपी नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो दोनों आरोपियों ने मिलकर चोरी की उक्त वारदातों को अंजाम दिया। आरोपियों के कब्जे से बचे 5700 रूपए बरामद कर पुलिस टीम ने पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को शुक्रवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

आरोपियों से चोरी की निम्न वारदातों को खुलासा हआ:

  1. 23 मई की रात समालखा में अनाज मंडी के नजदीक फोरलेन पर खड़े एक ट्रक से दो बैटरी चोरी की। थाना समालखा में गांव गढ़ी सिकंदरपुर निवासी सुनील की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  2. 14 सितम्बर 2022 को गांव हथवाल से राक्सेहडा रोड पर बने मंदिर से इनवर्टर व बैटरी चोरी की। थाना समालखा में हथवाला निवासी राजबल की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  3. 20 अक्तूबर 2022 की रात गांव पलड़ी में जनस्वास्थय विभाग के ट्यूबवेल से स्टार्टर चोरी किया। थाना इसराना में गांव पलड़ी निवासी विकाश की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  4. 6 नवम्बर 2022 की रात गांव मांडी से ट्यूबवेल की तार व स्टार्टर चोरी किया। थाना इसराना में मांडी निवासी दलीप की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  5. 11 नवम्बर 2022 की रात समालखा के नजदीक जीटी रोड पर खराब होने के कारण खड़ी सीटीयू की बस से दो बैटरी चोरी की। थाना समालखा में बस ड्राईवर अमित निवासी चंडीगढ़ की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  6. 16 दिसम्बर 2022 की रात श्रीराम कृष्ण आदर्श गौशाल डिकाडला के खेत से ट्यूबवेल का स्टार्टर चोरी किया। थाना समालखा में गौशाला के आचार्य संजीव की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  7. 23 दिसम्बर 2022 की रात गांव चुलकाना में पार्क के पास खड़ी डीपीएस स्कूल की बस से दो बैटरी चोरी की। थाना समालखा में बस ड्राइवर दीपक निवासी चुलकाना की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  8. 27 दिसम्बर 2022 की रात गांव हथवाला में खेत से ट्यूबवेल की केबल चोरी की। थाना समालखा में हथवाला निवासी सुनील की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  9. 10 जनवरी की रात गांव नारायणा में खेत में बने कोठड़े से ट्यूबवेल का स्टार्टर व केबल चोरी की। थाना समालखा में नारायणा निवासी नरेश की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  10. 13 जनवरी की रात गांव डिडवाड़ी खेत में बने कोठड़े से ट्यूबवेल की केबल चोरी की। थाना समालखा में डिडवाड़ी निवासी पंकज की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  11. 21 जनवरी की रात समालखा अनाज मंडी गेट के पास खड़े एक ट्रक से दो बैटरी चोरी की। थाना समालखा में गांव आटा निवासी राजेश की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  12. 10 फरवरी की रात गांव पट्टीक्ल्याणा के नजदीक ढ़ाबे पर खड़े एक ट्रक से दो बैटरी चोरी की। थाना समालखा में धर्मेंद्र निवासी खेड़ी जट्ट झज्जर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  13. 2 फरवरी की रात गांव चुलकाना में धर्मशाल के पास चाय की दुकान से तीन गैस सिलेंडर व करीब 800 रूपए चोरी किये। थाना समालखा में चुलकाना निवासी राजेंद्र की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  14. 5 मार्च की रात गांव आटा डिकाडला रोड पर खेत में बने कोठड़े से इनवर्टर बैटरी व ट्यूबवेल की तार चोरी की। थाना समालखा में गांव आटा निवासी रणधीर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  15. 2 अप्रैल की रात समालखा के नजदीक एक कंपनी के बाहर खड़े ट्रक से दो बैटरी चोरी। थाना समालखा में नरेश निवासी नेवकता भगवंत नगर रामपुर यूपी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  16. 6 अप्रैल की रात गांव वजीरपुर टिटाना में सरकारी टयूबवेल की तार व स्टार्टर चोरी किया। थाना समालखा में आपरेटर प्रवीन निवासी वजीरपुर टिटाना की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  17. 6 अप्रैल की रात गांव बुआना में पब्लिक हेल्थ के ट्यूबवेल की तार चोरी की। थाना इसराना में गांव बुआना निवासी ऑपरेटर मानवीर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  18. 6 अप्रैल की रात देहरा से पट्टीकल्याणा रोड पर खेत में बने कोठड़े से ट्यूबवेल का स्टार्टर चोरी किया। थाना समालखा में गांव देहरा निवासी ऋषि प्रकाश की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  19. 23 मार्च की रात गांव जलालपुर प्रथम में सरकारी स्कूल से एक गैस सिलेंडर चोरी किया। थाना सनौली में स्कुल के प्रधानाचार्य विनोद निवासी कोहंड की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  20. 12 मई की रात समालखा में नेस्ले कंपनी के नजदीक जेसीबी, जनरेटर व ट्रेक्टर से बैटरी चोरी की। थाना समालखा में सुशील निवासी सोनीपत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
  21. 18 मई की रात गांव पट्टीकल्याणा के नजदीक अपोलो इंटरनेशनल स्कूल में जनरेटर से तीन बेटरी चोरी की। थाना समालखा में कुलदीप निवासी महावटी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।

Comments