स्नेचिंग की वारदात में नाबालिग सहित दो आरोपी काबू. वारदात में प्रयोग की बाइक व छीना गया मोबाइल फोन बरामद
BOL PANIPAT : 27 अगस्त 2022, सीआईए-थ्री पुलिस की टीम ने स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले नाबालिग सहित दो आरोपियों को भावना चौक के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान शिवम उर्फ गोलू निवासी हरिसिंह कॉलोनी व एक की नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग की बाइक व छीना गया एक मोबाइल फोन बरामद कर नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर बाल सुधार गृह मधुबन व आरोपी शिवम उर्फ गोलू को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।
सीआईए-थ्री प्रभारी इंस्पेक्टर अंकित ने बताया उनकी एक टीम शुक्रवार को गश्त के दौरान जीटी रोड पर मौजूद थी। टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि भावना चौक पर संदिग्ध किस्म के दो युवक एक एचएफ डिलक्स बाइक पर सवार होकर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दंबिस देकर बाइक सहित दोनों आरोपी युवकों को काबू कर पूछताछ की तो युवकों ने अपनी पहचान शिवम उर्फ गोलू पुत्र विनोद निवासी हरिसिंह कॉलोनी पानीपत व दूसरे ने अपनी पहचान नाबालिक के रूप में बताई। पुलिस टीम ने पूछताछ की तो दोनों आरोपियों ने मिलकर करीब 25 दिन पहले उक्त बाइक पर सवार होकर सैक्टर 18 में पैदल जा रहे एक युवक से मोबाइल फोन झपटने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। वारदात बारे थाना सैक्टर 13/17 में शीशपाल निवासी अजीजूल्लाहपुर पानीपत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
थाना सैक्टर 13/17 में शीशपाल निवासी अज्जीजुल्लाहपुर ने शिकायत देकर बताया था कि 3 अगस्त को वह फोन पर बात करते हुए पैदल सैक्टर 18 के रास्ते से अपने गांव अजीजूल्लाहपुर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पीछे से दो अज्ञात युवक एक बाइक पर सवार होकर आए और झपटा मार उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। शीशपाल की शिकातय पर थाना सैक्टर 13/17 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 379ए के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments