हाइवे पर युवकों की कार का रास्ता रोककर लूट करने वाले गिरोह के दो आरोपी काबू
BOL PANIPAT : 25 अक्तूबर 2025, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए वन पुलिस टीम ने नेशनल हाइवे-44 पर नांगल खेड़ी के पास युवकों की कार का रास्ता रोककर लूट करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को शुक्रवार सिवाह बस अड्डा के पास से काबू किया। कार से 10 मोबाइल फोन, 1 लेपटॉप व कपड़ों से भरा बैग लूट कर ले गए थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव रिठाल हाल सूर्य नगर रोहतक निवासी मयंक उर्फ सूरज व कैथल निवासी सन्नी के रूप में हुई है।
सीआईए वन के कार्यकारी प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने फरार दो अन्य साथी आरोपियों नरेंद्र व विक्की के साथ मिलकर लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। दोनों आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया 19 अक्तूबर को वह दोनों फरार साथी आरोपियों नरेंद्र व विक्की के साथ पानीपत पार्टी में शामिल होने के लिए आए थे। आरोपी मयंक अपने दोस्त की स्कॉर्पियों गाड़ी मांग कर लाया था। चारों आरोपी पार्टी के बाद स्कार्पियों में सवार होकर सिवाह बस स्टेंड से शहर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने जीटी रोड पर नांगल खेड़ी के पास आगे चल रही वैगनआर कार का स्कार्पियों से रास्ता रोककर रूकवा लूट की वारदात को अंजाम दिया।
प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि शनिवार को दोनों आरोपियों को पुलिस ने माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से फरार आरोपियों के ठीकानों का पता लगा काबू करने और लूटे गए मोबाइल, लेपटॉप व वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियों गाड़ी बरामद करने का प्रयास करेगी।
यह है मामला
थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में कैथल निवासी सुधीर पुत्र कृष्ण लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि दिल्ली करोल बाग में उसकी मोबाइल की दुकान है। 19 अक्तूबर की देर रात वह अपने ड्राइवर मोहित के साथ वैगनआर कार में दिल्ली से पानीपत आ रहा था। रात करीब 12:30 बजे जीटी रोड पर नांगल खेड़ी गांव के पास पहुंचे तो एक काले रंग की स्कॉर्पियों गाड़ी ने रास्ता रोककर उनकी गाड़ी को रूकवा लिया। लूटपाट करने के लिए स्कॉर्पियों गाड़ी से तीन चार लड़के नीचे उतर उनकी गाड़ी की तरफ आने लगे। डर के मारे वह और ड्राइवर गाड़ी को छोड़कर भाग लिए। आरोपी उनकी गाड़ी को ले गए और एनएफएल के गेट के सामने खड़ी कर फरार हो गए। तलाश करते हुए वह दोनों गाड़ी के पास पहुंचे। चेक करने पर गाड़ी में ओपो कंपनी के 10 मोबाइल फोन, एक लेपटॉप व कपड़ो का बैग नहीं मिला। आरोपी गाड़ी से उक्त सामान ले गए। थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में सुधीर की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments