Friday, September 18, 2026
Newspaper and Magzine


फैक्टरी में श्रमिकों को नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प, साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 18, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 18 सितंबर, पानीपत पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने बारपुर स्थित देवगिरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड फैक्टरी में कार्यक्रम आयोजित कर श्रमिकों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशे के खिलाफ जागरूक किया।

पुलिस टीम ने श्रमिकों को नशे के दुष्परिणानों की जानकारी देते हुए बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। नशे की लत से व्यक्ति का स्वास्थ्य खराब होता है और उसके परिवार पर भी इसका बुरा असर पड़ता है। साथ ही आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार, दोस्तों तथा आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करें। नशा मुक्त समाज बनाने में अपना योगदान दें और स्वस्थ जीवन जीने का संकल्प लें। इस दौरान सभी को जीवन में नशा करने की शपथ दिलाई गई।

पुलिस टीम द्वारा इस दौरान श्रमिकों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि साइबर अपराधी फोन कॉल, मैसेज, व्हाट्सऐप और फर्जी लिंक के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से संबंधित जानकारी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और बिना पूरी जानकारी व सत्यापन के किसी के कहने पर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें। जागरूकता और सावधानी ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है। थोड़ी सी सतर्कता से साइबर ठगी से बचा जा सकता है। किसी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।

अभियान के जिला नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रणय कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे की गर्त से बचाने और जिला को नशा मुक्त बनाने के लिए पानीपत पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि नशे के खात्मे के लिए समाज के सभी लोगों आगे आकर इस मुहिम से जुड़े। यदि उनके आसपास कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है, कोई व्यक्ति नशे का कारोबार कर रहा है अथवा किसी व्यक्ति को नशे की लत है, तो इसकी सूचना तुरंत जिला पुलिस या नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गुप्त रखी जाएगी।

Comments


Leave a Reply