चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार. 2 वारदातों का खुलासा.
चोरी के 2 मोबाइल फोन, 900 रूपए व 1 बाइक बरामद
BOL PANIPAT , 28 जून : सीआईए थ्री पुलिस टीम ने थाना सुनौली क्षेत्र में घरों में चोरी व दो पहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को शनिवार शाम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों से चोरी की दो वारदातों,का खुलासा हुआ। आरोपियों की पहचान उझा रोड साई कॉलोनी निवासी राहुल व एकता विहार कॉलोनी निवासी तारिक के रूप में हुई है।
सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि उनकी टीम को शनिवार देर शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध दो युवक मोबाइल फोन बेचने के लिए एक एचएफ डिलक्स बाइक पर सवार होकर मोहाली की तरफ से काला आंब होते हुए सनौली रोड की तरफ आ रहे है। मोबाइल फोन चोरी के होने की संभावना है। पुलिस टीम ने तुरंत मोहाली रोड पर काला आंब के नजदीक नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ देर पश्चात मोहाली की तरफ से दो युवक एक बाइक पर आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने नाका पर बाइक को रूकवाकर युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान राहुल पुत्र मखनलाल निवासी उझा रोड साई कॉलोनी व तारिक पुत्र हारूण निवासी एकता विहार कॉलोनी के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने मिलकर 21 जून की रात नंगला आर गांव में तीन मकानों से 6 मोबाइल फोन व 28 हजार रूपए की नकदी चोरी करने की वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। चोरी की वारदात बारे थाना सनौली में नंगला आर निवासी आजाद पुत्र रामसिंह की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया वे दोनों घरों से चोरी कर भाग रहे थे तब चार मोबाइल फोन रास्ते में कही गिर गए थे। और बचे चोरी के 2 मोबाइल फोन को लेकर शनिवार को पानीपत में बेचने के लिए ग्राहक की फिराक में जा रहें थे।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने एचएफ डिलक्स बाइक करीब 10 दिन पहले नंगला पार के खेतों से चोरी करना स्वीकारा। बाइक चोरी की वारदात बारे थाना सनौली में अभियोग दर्ज है।
आरोप राहुल व तारिक ने चोरी की 28 हजार रूपए की नकदी में से ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बचे 900 रूपए व चोरी की एचएफ डिलक्स बाइक बरामद कर रविवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया।
दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकार्ड
प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड होना पाया गया है। आरोपी राहुल के खिलाफ चोरी के 8 मामले तथा आरोपी तारिक के खिलाफ चोरी के 5 मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी करीब 2 महिने पहले जेल से बेल पर बाहर आए थे।

Comments