बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार. चोरी की 7 बाइक बरामद.
BOL PANIPAT : 22 अक्तूबर 2022, सीआईए वन की टीम ने बाइक चोर गिरोह के दो आरोपियों को काबू कर उनके कब्जे से चोरी की 7 बाइक बरामद की है। आरोपियों की पहचान सुनील निवासी भारत नगर व तरूण निवासी हरि नगर पानीपत के रूप में हुई है।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया शुक्रवार को गश्त के दौरान उनकी एक टीम थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र के अंतर्गत मौजूद थी। टीम को इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म के दो युवक एक स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर गैस गोदाम रोड से रामस्वरूप चौक की तरफ आ रहे है। बाइक चोरी की होने की संभावना है। पुलिस टीम ने तुंरत रामस्वरूप चौक पर नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद दो युवक एक स्पलेंडर बाइक पर गैस गोदाम रोड की तरफ से आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने नाके पर रोक कर पूछताछ की तो युवकों ने अपनी पहचान सुनील पुत्र राम अवतार निवासी भारत नगर व तरूण पुत्र सतेंद्र निवासी हरि नगर पानीपत के रूप में बताई। बाइक के कागजात मांगने पर दोनों युवक बहाने बाजी करने लगे। गहनता से पूछताछ की तो आरोपियों ने उक्त बाइक 20 दिन पहले आर्शिवाद हास्पिटल के बाहर से चोरी करने बारे स्वीकारा। बाइक चोरी की वारदात बारे थाना शहर में गौरव निवासी विकाश नगर पानीपत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह ने बताया गहनता से पूछताछ में आरोपियों से खुलासा हुआ कि दोनों नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसो की जरूरत पड़ी तो दोनों आरोपियों ने मिलकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। आरोपी विभिन्न स्थानों से बाइक चोरी कर सैक्टर 8 में खंडहर पड़ी बिल्डिंग में छुपाकर खड़ी कर देते थे। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की कुल 7 बाइक बरामद कर गहनता से पूछताछ करने के बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।
बाइक चोरी की निम्न वारदातों का खुलासा हुआ
- दोनों आरोपियों ने मिलकर 1 अक्तूबर को आर्शिवाद हास्पिटल के पास से गौरव निवासी विकाश नगर पानीपत की स्पलेंडर बाइक चोरी की। थाना शहर में गौरव की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
- दोनों आरोपियों ने मिलकर 6 अगस्त को पैप्सी प्लांट के गेट के बाहर से प्रताप निवासी काबड़ी की स्पलेंडर बाइक चोरी की। थाना सदर में प्रताप की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
- दोनों आरोपियों ने मिलकर 20 दिन पहले देवी मंदिर के पास से अर्जुन निवासी नलवा कालोनी पानीपत की स्पलेंडर बाइक चोरी की। थाना तहसील कैंप में अर्जुन की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
- दोनों आरोपियों ने मिलकर जुलाई में सैक्टर 7 में जिम के सामने से मंजीत निवासी काबड़ी की स्पलेंडर बाइक चोरी की। थाना सैक्टर 13/17 में मंजीत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
इसके अतिरिक्त दोनों आरोपियों ने 3 बाइक नशे की हालत में चोरी की, चोरीशुदा बाइक के मालिक की पहचान ना होने पर बाइक को 102 सीआरपीसी के तहत कब्जा पुलिस में लिया गया।

Comments