नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान, पुलिस ने भैसवाल गांव के सरकारी स्कूल में विद्यार्थियों को व गांव में डोर टू डोर ग्रामीणों को नशे के खिलाफ किया जागरूक
BOL PANIPAT , 15 जुलाई: पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को पुलिस की नशा मुक्त अभियान टीम गांव भैसवाल पहुंची। टीम ने गांव के सरकारी स्कूल विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी। इसके बाद गांव में डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।
टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि नशे के सेवन से व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन प्रभावित होता है। इससे स्वास्थ्य खराब होने के साथ-साथ शिक्षा और भविष्य पर भी विपरीत असर पड़ता है। विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करेंगे। इसके बाद टीम ने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों और इससे बचाव के बारे में जानकारी दी।
अभियान के जिला नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रणय कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे की गर्त से बचाने के लिए पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। नशे को जड़ से खत्म करने के लिए युवाओं को स्वयं आगे आना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने तथा पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेकर अपना भविष्य संवारने का आह्वान किया। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि आसपास कहीं नशा बिक रहा हो या कोई व्यक्ति नशे का आदी हो तो इसकी सूचना जिला पुलिस या नेशनल नारकोटिक्स MANAS हेल्पलाइन 1933 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Comments