Thursday, June 11, 2026
Newspaper and Magzine


पुलिस ने नशा मुक्त अभियान के तहत बापौली गांव में डोर टू डोर जाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at April 14, 2026 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT , 14 अप्रैल : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में पानीपत पुलिस जिले को नशा मुक्त बनाने की दिशा में जागरूकता अभियान चलाए हुए है। इसी कड़ी में मंगलवार को जिला पुलिस की नशा मुक्त अभियान की टीम ने बापौली गांव में डोर टू डोर जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया।
पुलिस टीम ने इस दौरान घर घर जाकर लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें बताया कि नशे की लत धीरे-धीरे व्यक्ति को अपने जाल में फंसा लेती है, जिससे उसका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य बुरी तरह प्रभावित होता है। इसके साथ ही आर्थिक स्थिति भी कमजोर हो जाती है, जिससे परिवार को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
नशा व्यक्ति की सोचने और निर्णय लेने की क्षमता को कमजोर कर देता है, जिससे वह गलत रास्तों की ओर अग्रसर हो जाता है।
टीम ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उनके साथ नियमित संवाद बनाए रखें। बच्चों को सही दिशा देने में परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। यदि समय रहते सही मार्गदर्शन मिल जाए, तो युवाओं को नशे जैसी बुराई से बचाया जा सकता है।

अभियान के जिला नोडल अधिकारी डीएसपी नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि नशा न केवल शरीर को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि यह सामाजिक ताने-बाने को भी कमजोर करता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें नशा तस्करी से संबंधित कोई भी जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत MANAS टोल फ्री नंबर 1933 या अपने नजदीकी पुलिस थाना में इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पानीपत पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Comments