वीबी-जी राम जी योजना से गांवों में विकास और रोजगार को मिली नई रफ्तार, 519 परिवारों को मिला रोजगार
पौधारोपण से हरियाली, रोजगार से खुशहाली, वीबी-जी राम जी योजना के तहत 244 विकास कार्य प्रगतिशील
BOL PANIPAT , 28 जुलाई। ग्रामीण विकास को गति देने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित वीबी-जी राम जी (विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण एक्ट-2025) के तहत मंगलवार को गांव बड़ौली स्थित व्यायामशाला परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) डॉ. किरण सिंह ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि वीबी-जी राम जी योजना देशभर में 1 जुलाई 2026 से लागू की गई है। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ आधारभूत विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला में वर्तमान समय में पौधारोपण के 14 कार्य प्रगतिशील हैं, जिनके तहत अब तक 6,500 से 7,000 पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि जिले की 48 ग्राम पंचायतों में योजना के अंतर्गत 244 विकास कार्य क्रियान्वित किए जा रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से तालाबों की खुदाई, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के कार्य तथा पौधारोपण अभियान शामिल हैं। इन कार्यों के माध्यम से गांवों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिल रही है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि योजना लागू होने के बाद से अब तक 6,806 मानव-दिवस का सृजन किया जा चुका है, जबकि 519 परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण परिवारों की आजीविका को मजबूत करने के साथ-साथ गांवों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य विकास कार्यों को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। साथ ही पौधारोपण अभियान को जनभागीदारी से जोडक़र जिले को अधिक हरित और स्वच्छ बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का भी आह्वान किया।

Comments