पीआरपीसी की टीम सतर्कता (विजिलेंस) ने पी-25 परियोजना स्थल पर सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
BOL PANIPAT : 27 अक्तूबर, 2022, सार्वजनिक जीवन से भ्रष्टाचार को पूरी तरह से समाप्त करने की दृष्टि से, पानीपत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स (पीआरपीसी) की टीम विजिलेंस कई आउटरीच कार्यक्रम विशेष रूप से आसपास के स्कूलों में आयोजित कर रही है। ये सभी कार्यक्रम आगामी “सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2022” के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे हैं जो 31 अक्टूबर से 6 नवंबर, 2022 तक पूरे देश में मनाया जाएगा । इस वर्ष का विषय ‘ भ्रष्टाचार मुक्त भारत – विकसित भारत’ है।
उक्त आउटरीच कार्यक्रमों के अनुरूप, पीआरपीसी की टीम विजिलेंस पानीपत रिफाइनरी की विस्तार परियोजना (15 एमएमटीपीए से 25 एमएमटीपीए तक) क्षेत्र पर पहुंची जहां परियोजना की गतिविधियां जोरों पर चल रही हैं । यहाँ पर ठेका श्रमिकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए आज दिनांक 27 अक्टूबर, 2022 को श्रम वैधानिक अनुपालन पर अनुबंध संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया ।
कार्यक्रम की शुरुआत सभी उपस्थित लोगों को चेतन कांबले, वरिष्ठ प्रबन्धक सतर्कता द्वारा ” सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा” दिलवाने के साथ हुई। इस अवसर पर संबोधित करते हुए मोहम्मद अरशद हुसैन, उप महाप्रबंधक (सतर्कता) ने सार्वजनिक जीवन से भ्रष्टाचार को कैसे मिटाया जाए, इस बारे में सभी को जागरूक किया। उन्होंने श्रम कानूनों का कड़ाई से अनुपालन करने और इससे संबंधित मुद्दों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम का उद्देश्य ठेका श्रमिकों, पर्यवेक्षकों के लिए न्यूनतम मजदूरी, श्रमिकों के अधिकार, पीएफ, ईएसआई योजना/अन्य सरकारी बीमा योजनाओं के लाभ, प्रत्यक्ष बैंक हस्तांतरण, श्रम संबंधी शिकायतों का निवारण तंत्र और श्रम कल्याण आदि विषयों पर विशेष ध्यान देने के साथ-साथ भ्रष्टाचार उन्मूलन पर जागरूकता पैदा करना था। इस अवसर पर बलजीत सिंह, महाप्रबंधक (सतर्कता) ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अपनी टीम की सराहना की। कार्यक्रम में पीआरपीसी प्रोजेक्ट टीम, ईआईएल, एलएंडटी, टोयो के साइट अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और पी-25 प्रोजेक्ट में काम करने वाले अन्य ठेकेदारों सहित 350 से अधिक लोगों को कार्यक्रम का लाभ मिला।

Comments