आई.बी.पी.जी.महाविद्यालय के प्रांगण में मतदाता जागरूकता दिवस मनाया
BOL PANIPAT : जी टी रोड स्थित आई. बी. पी. जी. महाविद्यालय के कॉलेज प्रांगण में एनएसएस इकाई और एनसीसी इकाई के द्वारा मतदाता जागरूकता दिवस मनाया गया जिसका थीम था “मेरा मत मेरा अधिकार”, जिसमें लगभग सभी स्वयंसेवकों और कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्राचार्य डॉ. अजय कुमार गर्ग ने वोट बनवाने के लिए सबको जागरूक करते हुए कहा कि अगर किसी व्यक्ति का अभी तक वोट नहीं बना है तो वह 1950 पर कॉल करके या एन.वी.एस.पी वेबसाइट पर जाकर अपना वोट बनवा सकते हैं। अगर फिर भी वोट बनवाने में किसी को कोई मुश्किल आ रही है तो आई बी पीजी कॉलेज में आकर अपना वोट बनवा सकते हैं। चुनाव, लोकतंत्र की अनिवार्य शर्त और सफलता की कसौटी भी है, अतः प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य हो जाता है कि वह उसके प्रति सावधान रहे। कई बार ऐसा भी होता है कि कुछ लोग यह सोचकर चुनावों के समय मत प्रयोग नहीं भी करते कि हमारे एक मत के न डलने से क्या बनने-बिगड़ने वाला है? पर वस्तुतः बात ऐसी नहीं। कई बार हार-जीत का निर्णय केवल एक ही वोट पर निर्भर हुआ करता है। हमारे एक वोट के न डालने से अच्छा उम्मीदवार हार और अयाचित उम्मीदवार जीत सकता है। एनएसएस के संयोजक डॉ जोगेश जी ने कहा कि हम सब एक स्वतंत्र देश के नागरिक हैं | वसे तो हमे हमारी लोकतान्त्रिक प्रणाली के तहत अनेक अधिकार दिए हुए हैं, जिनमे से एक अधिकार मत(वोट) देने का भी है और यह बाकी सभी अधिकारों से बड़ा है | इसी के जरिये हम मतदान कर मतदाता कहलाते हैं | एक अकेला व्यक्ति मतदान के जरिये सरकार गिरा भी सकता और उसे बनाने का भी दम रखता है | हमे अपने देश के लिए हमेशा निष्पक्ष होकर मतदान करना चाहिए और दूसरों को भी यही करने की सलाह देनी चाहिए | एनसीसी इकाई लेफ्टिनेंट राजेश कुमार जी ने कहा कि मतदान एकमात्र ऐसा साधन है जिससे देश की जनता स्वयं अपने देश का विकास निर्धारित कर सकती है। मत देने की शक्ति से वह अपने देश की भागदौड़ संभालने के लिए उनकी नजर में योग्य व्यक्ति को खुद चुन सकते हैं। भारत एक ऐसा देश है जो लोगों को अपने देश के लिए फैसले लेने की पूर्ण आजादी देता है। हर व्यक्ति को मतदान जरूर करना चाहिए क्योंकि हर एक मत कीमती है। एक मत भी देश के लिए गलत सरकार को चुनने से रोक सकता है। मतदान से ही सरकार को पता चलता है कि देश की जनता उनसे संतुष्ट है या नहीं क्योंकि जनता संतुष्ट होगी तो हर बार वहीं सरकार आएगी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रो. नीतू और प्रो. रितु ने अहम भूमिका निभाई।

Comments