मतदाता सूची पुनरीक्षण अंतिम चरण में, शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य होगा पूर्ण: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
हर पात्र मतदाता को सूची में शामिल करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्य चुनाव अधिकारी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में जानी प्रगति, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पानीपत में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को मिली रफ्तार, प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा
BOL PANIPAT, 21 जुलाई। हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी ए. श्रीनिवास ने मंगलवार को प्रदेश के सभी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के दौरान जिलों में चल रहे डिजिटाइजेशन कार्य, प्राप्त प्रपत्रों की स्थिति तथा शेष कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई और अभियान को निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि पानीपत जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत प्राप्त प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि डिजिटाइजेशन का कार्य निश्चित रूप से शत-प्रतिशत पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को 35 नए प्रपत्र प्राप्त हुए हैं, जिन पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है ताकि सभी पात्र मतदाताओं का विवरण समयबद्ध तरीके से दर्ज किया जा सके।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे और प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रत्येक प्रपत्र का सावधानीपूर्वक सत्यापन और डिजिटाइजेशन किया जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह सटीक, अद्यतन और विश्वसनीय बन सके। उन्होंने विश्वास जताया कि जिला प्रशासन निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे, पानीपत एसडीएम मनदीप कुमार, समालखा एसडीएम अमित कुमार, इसराना एसडीएम नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, डीडीपीओ राजेश शर्मा, तहसीलदार वीरेंद्र गिल, तहसीलदार नरेंद्र दलाल, बीडीपीओ शीतल, डिप्टी डीईओ मनीष गुप्ता, इलेक्शन तहसीलदार सुरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments