युवा नशे से दूर रहकर पढ़ाई के साथ साथ खेलों में भविष्य संवारे : डीएसपी नरेंद्र सिंह
BOL PANIPAT , 23 फरवरी : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के अंतर्गत सोमवार को द ग्रीन हेरिटेज सीनियर सेकेंडर स्कूल मनाना में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम में बतौर मुख्याअतिथि पहुंचकर छात्र छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों एवं साइबर क्राइम के बढ़ते मामलों व बाल शोषण के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया।
उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को हानि पहुंचाता है, बल्कि उसके परिवार और समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने साथियों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होने कहा कि नशा एक धीमा जहर है, जो व्यक्ति की सोच, स्वास्थ्य, भविष्य और संबंधों को धीरे-धीरे नष्ट कर देता है। उन्होंने यह भी बताया कि नशे की शुरुआत अक्सर “मज़े या दोस्ती” के नाम पर होती है, लेकिन इसका अंजाम बहुत गंभीर होता है। इसलिए युवा नशे से दूर रहकर पढ़ाई के साथ साथ खेलों में भविष्य संवारे।
साथ ही, उन्होंने साइबर क्राइम के विभिन्न रूपों जैसे ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग, ओटीपी फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट आदि के बारे में जानकारी देते हुए सतर्क रहने के उपाय बताए। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न भी किए, जिनका डीएसपी द्वारा सरल एवं स्पष्ट शब्दों में उत्तर दिया गया। सवाले के जवाब ने छात्र-छात्राओं की जिज्ञासा को शांत किया।
उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने कहा कि युवा ही किसी देश का भविष्य होते हैं। यदि युवा पीढ़ी नशे की चपेट में आ जाए, तो देश की प्रगति रुक जाती है। युवा हमारे देश की रीढ़ हैं। यदि वे नशे से बचें और अपने माता-पिता व शिक्षकों के कहे अनुसार चलें, तो वे अपना जीवन भी संवार सकते हैं और समाज को भी नई दिशा दे सकते हैं। इसलिए जरूरी है कि हम सभी मिलकर युवाओं को एक सकारात्मक दिशा दें और उन्हें नशे जैसे विनाशकारी रास्ते से दूर रखें।
उन्होंने आमजन से भी अपील कि है कि आसपास में नशा बिक रहा है या कोई नशे का आदी है तो उसकी सूचना जिला पुलिस को या नेशनल नारकोटिक्स मानस हेल्पलाइन 1933 पर दे। सूचना देने वाले की पहचान भी गुप्त रखी जाएगी।

Comments