राजस्व विभाग की नई पहल के रूप में पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली का शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शुभारंभ किया।
BOL PANIPAT : 29 सितंबर। हरियाणा में राजस्व विभाग की नई पहल के रूप में पेपर रहित रजिस्ट्री प्रणाली, पेपर रहित निशानदेही, वॉट्सएप चैटबॉट और राजस्व विभाग निगरानी प्रणाली का आरंभ होने से कार्यों में पारदर्शिता आएगी और लोगों को तहसील के कार्यों के लिए ज्यादा चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। इसी को लेकर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला सचिवालय में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने इस प्रणाली का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर पानीपत शहरी विधायक प्रमोद कुमार विज,उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह निगम आयुक्त डॉ पंकज यादव, एसडीएम इसराना नवदीप सिंह, निगम आयुक्त डॉ संजय कुमार, डीआरओ कण्व लाकड़ा सहित विभिन्न तहसीलदार नायब तहसीलदार और कानूनगो के साथ-साथ पटवारी भी उपस्थित रहे।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह दिन प्रतिदिन ऐसी योजनाएं ला रहे हैं जिससे आमजन को ज्यादा से ज्यादा फायदा हो। आम व्यक्ति को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़े। योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा सुलभ करने का कार्य किया जा रहा है और इसके आने वाले समय में बहुत अच्छे परिणाम होंगे।
पानीपत शहरी विधायक प्रमोद कुमार विज ने कहा कि प्रदेश सरकार सदैव से ही गरीबों की हितैषी रही है। जीरो टॉलरेंस के साथ प्रदेश सरकार काम कर रही है ताकि लोगों के समय की बचत ज्यादा से ज्यादा हो। उन्होंने पेपरलेस प्रणाली के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह का धन्यवाद भी किया और कहा कि इससे लोगों को ज्यादा से ज्यादा फायदा होगा।
उपायुक्त डॉक्टर वीरेंद्र कुमार दहिया ने शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और विधायक प्रमोद विज का जिला प्रशासन की ओर से स्वागत किया और कहा कि प्रदेश सरकार ने जो दिशा निर्देश जारी किए हैं उनके तहत पहले से ही काम किया जा रहा है और इस पर और अमल किया जाएगा। निगम आयुक्त डॉ पंकज यादव ने सभी अतिथियों के पधारने पर धन्यवाद व्यक्त किया। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा और विधायक प्रमोद विज ने इस अवसर पर जिला सचिवालय परिसर में पौधारोपण भी किया।

Comments