“योग संगम” थीम पर 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया |
BOL PANIPAT : आई. बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पानीपत में एनएसएस यूनिट, एनसीसी यूनिट एवं यूथ रेड क्रॉस के संयुक्त तत्वावधान में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल के अनुसार “योग संगम” थीम के अंतर्गत उत्साहपूर्वक मनाया गया। लगभग 60 विद्यार्थियों ने प्रातः शिवाजी स्टेडियम में आयोजित सामूहिक योग सत्र में भाग लिया, तत्पश्चात महाविद्यालय परिसर में भी योग अभ्यास किया गया।
इस वर्ष की थीम “Yoga for one Earth, One Health” रहा | इसका मुख्य उद्देश्य योग अभ्यास—जैसे योग निद्रा, प्राणायाम एवं ध्यान आदि—के माध्यम से शांति, सद्भाव और जनकल्याण के लिए समाज में जागरूकता फैलाना है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने कहा कि योग हमारी संस्कृति का अभिन्न अंग है उसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए | उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य, बल्कि मानसिक और भावनात्मक संतुलन के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया किया कि आधुनिक उपभोक्तावादी और भौतिकवादी जीवनशैली के चलते तनाव, अवसाद, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कोलेस्ट्रॉल जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, जिनके समाधान में योग अत्यंत उपयोगी है।
शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार ने कहा कि योग शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास भी करता है। उन्होंने “करो योग – रहो निरोग” का संदेश दिया।
यूथ रेड क्रॉस प्रभारी डॉ. जोगेश ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास सभी रोगों से मुक्ति दिलाने में सहायक है और यह सभी आयु वर्ग के लिए लाभकारी है।
एन.सी.सी. प्रभारी डॉ. नरवीर ने कहा कि योग से मन शांत होता है और शरीर की मांसपेशियों को उत्कृष्ट व्यायाम मिलता है, जिससे संपूर्ण स्वास्थ्य लाभ होता है।
योग संयोजिका प्रो. रेखा ने महाविद्यालय के स्टाफ और विद्यार्थियों को विभिन्न योगासन करवाए तथा उनके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर प्रो. अश्वनी गुप्ता, प्रो. राजेश बाला, प्रो. रेखा शर्मा, डॉ. पूजा मलिक, प्रो . मनीष कुमार, प्रो. राहुल, प्रो. मनीत कौर, ममता, रवि एवं रामबीर आदि उपस्थित रहे |

Comments