कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता में 32 विद्यार्थियों ने भाग लिया.
BOL PANIPAT : आई.बी. (पीजी) कॉलेज, पानीपत में कॉमर्स एसोसिएशन द्वारा कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के विषय ‘टेक्नोलॉजी एंड फ्यूचर’ तथा ‘पर्यावरण एवं स्थिरता’ रहे। ‘टेक्नोलॉजी एंड फ्यूचर’ विषय के अंतर्गत विद्यार्थियों ने आधुनिक तकनीकी विकास, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल परिवर्तन तथा भविष्य में तकनीक की भूमिका को अपने कोलाज के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं ‘पर्यावरण एवं स्थिरता’ विषय पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, हरित ऊर्जा, स्वच्छता और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को रचनात्मक रूप से दर्शाया। इन विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज के समक्ष गंभीर मुद्दों को उजागर करने का प्रयास किया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि “ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को सामने लाने का एक सशक्त माध्यम होती हैं। आज के समय में तकनीक और पर्यावरण दोनों ही हमारे जीवन के अभिन्न अंग बन चुके हैं, इसलिए इन विषयों पर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे न केवल इन विषयों को समझें, बल्कि अपने जीवन में सस्टेनेबल प्रथाओं को अपनाएं। इस प्रकार की गतिविधियां उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती हैं और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को भी मजबूत बनाती हैं।”
वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष एवं संयोजक डॉ. सुनित शर्मा ने कहा कि “शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ इस प्रकार की रचनात्मक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इससे विद्यार्थियों में विश्लेषणात्मक सोच, नवाचार की भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है। जब विद्यार्थी अपने विचारों को कला के माध्यम से प्रस्तुत करते हैं, तो वे विषय को अधिक गहराई से समझते हैं और समाज में सकारात्मक संदेश देने में सक्षम बनते हैं।”
सह-संयोजक प्रो. अजय पाल सिंह ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को व्यावहारिक और आधुनिक कौशल सिखाती है जो उनके भविष्य निर्माण में बहुत उपयोगी होती हैं।
सह-संयोजक सहायक प्रो. माधवी ने कहा कि “प्रत्येक प्रतिभागी ने अपने स्तर पर उत्कृष्ट प्रयास किया और सभी के कार्यों में नवीनता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।”
सह-संयोजक डॉ. ज्योति गहलोत ने कहा कि “इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को सुदृढ़ करती हैं।”
प्रतियोगिता में 32 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया जिसमें इशमीत (बीबीए तृतीय वर्ष) ने प्रथम स्थान, खुशी मिश्रा (बी.कॉम तृतीय वर्ष) और वंदना (एम.कॉम प्रथम वर्ष) ने द्वितीय स्थान तथा अक्ष्सा (बी.कॉम तृतीय वर्ष) और अंशु (बीबीए प्रथम वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि खुशबू और चंदा (बीबीए प्रथम वर्ष) को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
निर्णायक मंडल में प्रो. अजय पाल सिंह, सहायक प्रो. माधवी एवं डॉ. ज्योति गहलोत का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य एवं विभागाध्यक्ष द्वारा विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए । इस अवसर पर सहायक प्रो. राजेश बालारूहानी शर्मा, साक्षी मुंजाल, करुणा सचदेवा, निशा गुप्ता, रीना रानी, रुचिका बत्रा, मनीत कौर, आकांक्षा शर्मा, सोनिया विरमानी, जागृति, निशा गोयल, आंचल बत्रा, अन्नू बेनीवाल एवं रूबी भी उपस्थित रहे।

Comments