एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के दो खिलाडियों ने वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में चयनित होकर मचाया तहलका
-भारत सरकार ने दोनों खिलाडियों को दी 5-5 लाख की नकद पुरस्कार राशि और 3
-वर्ष के लिए 10 हजार रुपये प्रति माह की छात्रवृति
-दोनों खिलाडियों ने इंटर स्टेट, आल इंडिया इंटरयूनिवर्सिटी और नेशनल में जीते गोल्ड मेडल्स
BOL PANIPAT : एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के दो खिलाडियों ने वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में चयनित होकर तहलका मचा दिया. बीए तृतीय वर्ष की छात्रा प्रीती जागलान ने आल इंडिया इंटरयूनिवर्सिटी कराटे टूर्नामेंट की 45 किलोग्राम प्रतिस्पर्धा में गोल्ड मैडल झटक कर जहाँ एक ओर वर्ल्ड यूनिवर्सिटी कराटे गेम्स में अपना स्थान सुनिश्चित किया वंही कॉलेज, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया. प्रीती जागलान इससे पहले इंटर कॉलेज कराटे टूर्नामेंट में भी गोल्ड मैडल हासिल कर चुकी है. बतौर एक उत्कृष्ठ करते खिलाड़ी के रूप में प्रीती 15 बार कराटे की जूनियर और सीनियर राष्ट्रीय चैंपियन रह चुकी है.
इसी प्रकार बीए प्रथम वर्ष के छात्र नितेश ने आल इंडिया इंटरयूनिवर्सिटी रेसलिंग टूर्नामेंट की 97 किलोग्राम प्रतिस्पर्धा में गोल्ड मैडल झटक कर जहाँ एक ओर वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रेसलिंग गेम्स में अपना स्थान सुनिश्चित किया वंही देश का नाम भी रोशन किया. नितेश इससे पहले इंटर कॉलेज और इंटर स्टेट रेसलिंग टूर्नामेंट में भी गोल्ड मैडल जीत चुका है. हाल ही में बिहार में आयोजित आल इंडिया इंटरयूनिवर्सिटी रेसलिंग में भी नितेश का प्रदर्शन शानदार रहा जिसके बूते पर उसका चयन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए हो गया.
दोनों ही खिलाड़ियों को उनकी इस शानदार उपलब्धि के लिए भारत सरकार के
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत 5-5 लाख की नकद राशि से पुरस्कृत किया जाना है. और साथ ही उन्हें 10 हजार रुपये प्रति माह की छात्रवृति 3 वर्ष तक दी जायेगी. इसके साथ-साथ प्रीती और नितेश को खेलो इंडिया यूथ गेम्स में भाग लेने का अवसर भी दिया गया है. विदित रहे कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स हर वर्ष जनवरी में आयोजित किये जाते हैं. इस स्कीम के तहत विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण दिया जाता है जिसके लिए सरकार ने 143 खेलो इंडिया यूथ गेम्स केंद्रों खोले है. खेलो इंडिया यूथ गेम्स देशभर के युवाओ और बच्चों को खेलों के प्रति रुझान बढ़ाने के लिए आयोजित किये जा रहे है.
कॉलेज पधारने पर प्रीती और नितेश का भव्य स्वागत एसडी पीजी कॉलेज
प्रबंधकारिणी के प्रधान पवन गोयल, उप-प्रधान मनोज सिंगला, जनरल सेक्रेटरी तुलसी सिंगला, कोषाध्यक्ष विकुल बिंदल, प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ सुशीला बेनीवाल, कोच शरीफ, ग्राउंड्समैन प्रताप और अन्य स्टाफ सदस्यों ने किया. दोनों ही खिलाडियों का इससे पहले भी कई टूर्नामेंट्स में बेमिसाल प्रदर्शन रहा है परन्तु उनका इस बार का कारनामा अत्यधिक अदभुत और विलक्षण है.
एसडी कॉलेज प्रधान पवन गोयल ने अपने सन्देश में कहा कि प्रीती जागलान,
और नितेश ने जो उपलब्धि हासिल की है वह देश के हर खिलाड़ी और विद्यार्थी के लिए गौरव और हर्ष का विषय है. इस जीत के पीछे इनकी लगन और कड़ी मेहनत का हाथ है. खेल सभी के जीवन में, विशेष रुप से विद्यार्थियों के जीवन में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. खेल गतिविधियों में शामिल होना हर व्यक्ति के लिए कई तरह से फायदेमंद होता है. खेल न केवल शारीरिक ताकत प्रदान करते है बल्कि इनसे हम मानसिक रूप से भी शक्तिशाली और मजबूत बनते है. अब तो खेल हमें अपने पैरो पर भी खड़ा होने में मदद करने लगे है. अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर भाग लेना और फिर स्वर्ण पदक जीतना अपने आप में गौरवपूर्ण उपलब्धि है. इन खिलाडियों ने यही संदेश और प्रेरणा हम सभी को दी है. कॉलेज अपने हर खिलाड़ी को इसी तरह से प्रोत्साहित करता रहेगा.
तुलसी सिंगला जनरल सेक्रेटरी ने कहा कि हरियाणा प्रदेश क्रीडा के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर चुका है. उच्च कोटि के खिलाड़ी अब यहाँ की खेल नर्सरियों में तैयार हो रहे है. इन दोनों खिलाड़ियों की सफलता आने वाले समय में भावी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी साबित होगी. इससे महाविधालय के अन्य खिलाडियों को भी प्रौत्साहन मिलेगा. प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि इन दोनों खिलाड़ियों ने कॉलेज ही नहीं अपितू
हरियाणा एवं देश का नाम रोशन किया है. समयबद्धता, धैर्य, अनुशासन और लगन के कारण ही प्रीती जागलान और नितेश आज अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सितारे बन पाए है. आल इंडिया इंटरयूनिवर्सिटी में पदक जीतना हर एक खिलाड़ी का स्वप्न होता है. प्रीती जागलान और नितेश ने इस टूर्नामेंट में जीत कर खुद के लिए वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स में अपना स्थान सुनिश्चित किया है. एसडी कॉलेज ने खेलों को सैदेव बढ़ावा दिया है और यहाँ के खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा कर कॉलेज का भरपूर नाम रोशन किया है. कॉलेज को अपने इन होनहारों पर नाज है और इन्हें आगे बढ़ने के और भी अवसर और सुविधाएं दी जायेगी.
शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ सुशीला बेनीवाल ने प्रीती जागलान और नितेश की उपलब्धियों के बारे में बोलते हुए कहा की ऐसे खिलाडी बहुत कम होते है जो इतनी कम उम्र में बड़े कारनामे कर जाते है. इन दोनों ही खिलाडियों की कामयाबी का सफ़र बहुत लम्बा है और यह अभी और भी बड़ा मुकाम हासिल करेगे. दोनों खिलाडियों का भविष्य बहुत ही उज्जवल है.
प्रीती जागलान और नितेश ने कहा कि उनकी जीत का श्रेय उनके माता-पिता,
एसडी कॉलेज प्रधान पवन गोयल, प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा, प्रो सुशीला बेनीवाल और उनके कोच सचिन शर्मा को जाता है. उनके माता-पिता सदा उनके साथ खड़े रहे है और कॉलेज से भी उन्हे भरपूर मदद और हौंसला मिला है. अब वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ना चाहते है और इसके लिए वे निरंतर अभ्यास में जुटे हुए है. इस अवसर पर कॉलेज स्टाफ सदस्य डॉ एसके वर्मा, डॉ मुकेश पुनिया, प्रो सुशीला बेनीवाल, कोच शरीफ, प्रताप, दीपक मितल मौजूद रहे.

Comments