Monday, April 27, 2026
Newspaper and Magzine


गुरुपर्व के लिए शुरू हुई लंगर की तैयारी. संस्थाओं के साथ जुटी सैकड़ों संगतें


200-200 लीटर के ड्रमों में बड़ी-बड़ी मधानियों से तैयार की जाएगी ठंडी लस्सी

महज एक संस्था देगी 15 हजार लीटर नमकीन लस्सी का योगदान  , ऐसी ढेरों संस्थाएं दे रही हैं लस्सी की सेवा

BOL PANIPAT : 22 अप्रैल – हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व के अवसर हरियाणा के पानीपत में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियां जहां अंतिम चरण में हैं, वहीं गुरु के लंगर में सेवा देने वाली सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं ने लंगर की तैयारियां शुरू भी कर दी हैं। लंगर के साथ ठंडी लस्सी भी अटूट मिलेगी। करनाल महज एक संस्था निर्मल कुटिया द्वारा ही 15 हजार लीटर लस्सी पहुंचाई जाएगी। इसे लेकर उन्होंने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसे बनाने में सैकड़ों की संख्या में संगत जुट गई है। इसके अलावा तीन अन्य संस्थाएं भी डेढ़ से 2 लाख संगत के लिए नमकीन लस्सी की व्यवस्था करने में जुटी हुई हैं।  

इस संबंध में जानकारी देते हुए निर्मल कुटिया से श्री पलविंद सिंह ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व पर उन्हें लंगर सेवा का मौका मिल रहा है। यह उनके लिए सौभाग्य की बात है। गुरु की कृपा से ऐसे नेक काम में कभी किसी चीज की कमी नहीं रहती। उनके द्वारा लंगर के साथ-साथ लस्सी की सेवा भी दी जाएगी। इसके लिए शुक्रवार को लगभग 80 क्विंटल दूध लाया गया है। इसे गर्म करके 200-200 लीटर के ड्रमों में दही के लिए जमाया जाएगा। इसके बाद बड़ी-बड़ी मधानियों से इससे नमकीन लस्सी तैयार की जाएगी। इसे टैंकर में भरकर करनाल से पानीपत आयोजन स्थल पर लाया जाएगा। इसी तरह लंगर सेवा देने वाली दूसरी संस्थाओं ने भी लड्डु-बर्फी, गुलाब-जामुन आदि बनाने शुरू कर दिए हैं।

लंगर सेवा के लिए सामाजिक संस्थाओं में लगी होड़

आयोजन स्थल पर प्रवेश द्वार के दोनों ओर धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं द्वारा दी जा रही लंगर सेवा की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 40 से अधिक स्टॉल दोनों तरफ लगे हुए हैं लेकिन फिर भी संस्थाओं में होड़ लगी हुई है कि उन्हें भी सेवा का मौका दिया जाए। लगातार संस्थाएं स्टॉल बढ़ाने की डिमांड कर रही हैं। वहीं कुछ संस्थाओं ने इच्छा जताई है कि उनकी लंगर सेवा की स्टॉल दोनों ओर लगे। जिला प्रशासन, आयोजन समिति के संयोजक व सांसद श्री संजय भाटिया ने आश्वासन दिया है कि सभी संस्थाओं को सेवा का मौका दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह लोगों की गुरुओं के प्रति श्रद्धा व भक्तिभाव को दर्शाता है, जो उनमें इस तरह की होड़ लगी हुई है।

गर्मी में होगा ठंडक का अहसास, 25 एकड़ में इंतजाम हैं खास

600 पंखे, 200 वाटर फैन , 100 बड़े एयर कूलर और एयर कंडिशनर का भी है प्रबंध

जर्मन तकनीक से बने हवा कंट्रोल करने वाले और वाटर प्रूफ टेंट का हुआ है इस्तेमाल

मौसम भले ही गर्मी का हो लेकिन गुरु महाराज की मेहर से 24 अप्रैल को श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व पर संगत को गर्मी में भी ठंडक का अहसास होगा। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां लगे पंडाल में मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के दिशा-निर्देश पर ऐसी शानदार व्यवस्था की गई है कि आने वाली संगत को गर्मी का अनुभव नहीं होने पाएगा।
आयोजन समिति के संयोजक व करनाल के सांसद संजय भाटिया ने जानकारी दी कि आयोजन स्थल मुख्य पंडाल 84 हजार 480 वर्ग फुट में बनाया है। इस पंडाल को 24 अप्रैल को समागम के दिन के मौसम को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। उस दिन भले ही गर्मी हो लेकिन यहां की व्यवस्था आने वाली संगत को ठंडक अहसास करवाएगी। पंडाल के लिए जर्मन तकनीक से बने वाटर प्रूफ, फायर प्रूफ और वैंटिलेशन कंट्रोल करने वाला टेंट लगाया गया है। गर्मी को नियंत्रण रखने के लिए टेंट की हाईट को करीब 20 फुट रखा गया है ताकि इसमें कम से कम गर्मी लगे और यह टेंट किसी भी हवा के दबाव को सहने में सक्षम है।

600 पंखे, 200 पानी वाले पंखे, 80 बड़े कुलर, एयर कंडिशनर स्टेज का है इंतजाम

सांसद संजय भाटिया ने बताया कि मुख्य पंडाल में समान दूरी पर 200 पानी वाले पंखे, 600 सामान्य पंखे और 100 बड़े कूलर का इस्तेमाल किया गया है। इससे पंडाल में बिल्कुल भी गर्मी का अहसास नहीं होगा। इसके अतिरिक्त मुख्य स्टेज जहां गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश होगा, उस जगह को पूरी तरह से एयर कंडिशन बनाया गया है।

गर्मी को ध्यान में रखते हुए पानी और शीतल पेय पदार्थों की लंगर में भरपूर व्यवस्था

सांसद संजय भाटिया ने बताया कि गर्मी के मद्देनजर समागम स्थल पर जगह-जगह पीने के पानी की भरपूर व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त पंडाल के अंदर अलग-अलग संस्थाओं ने ठंडे शीतल पेय की लंगर सेवा दी है। इसमें ठंडा पानी, कोल्डड्रिंक ,शर्बत , लस्सी, ठंडाई, जलजीरा, गन्ने का जूस, फ्रूटी और फलों के जूस का भरपूर इंतजाम किया है।

पिछले तीन दिनों से आसपास के क्षेत्र में किया जा रहा पानी का छिडक़ाव

सांसद ने बताया कि इन दिनों धूल भरी आंधी हर वर्ष उठती है। इसके मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर लगातार दमकल विभाग की गाडिय़ां पानी का छिडक़ाव कर रही हैं, पूरी-पूरी कोशिश की जा रही है कि 25 एकड़ के पंडाल में धूल-मिट्टी न उड़े और जमीन भी ठंडी रहे। आसपास के पेड़-पौधों पर भी पानी का छिडक़ाव किया जा रहा है। लोगों ने इस क्षेत्र में सफाई कर्मचारियों के इलावा आम लोगों ने श्रम दान करके सफाई अभियान भी चलाया है, इससे पूरा इलाका साफ-सुथरा हो गया है।  

समाज का हर वर्ग दिखा रहा अपनी भागीदारी

सांसद संजय भाटिया ने बताया कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि श्री गुरु तेग बहादुर जी का 400वां प्रकाश पर्व मना रहे हैं। लोगों का मानना है कि जब श्री गुरु तेग बहादुर जी का 500वां प्रकाश पर्व मनाया जाएगा तो शायद वें उसे न देख पाएं इसलिए हर कोई व्यक्ति अपने सामथ्र्य से अधिक सेवा भाव से इस समागम में बढ़-चढक़र अपनी भागीदारी दिखा रहा है।

Comments