रिश्वत की मांग करने वाला आरोपी पटवारी गिरफ्तार
–सरकारी कार्यालय में कोई भी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत मामले की सूचना राज्य चौकसी ब्यूरो के टोल फ्री नंबर पर दें : इंस्पेक्टर सुमित कुमार
BOL PANIPAT : राज्य चौकसी ब्यूरो उप केंद्र पानीपत के समीप स्थित पुराना तहसील कार्यालय में कार्यरत एक पटवारी को आज राज्य चौकसी ब्यूरो की टीम ने रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। राज्य चौकसी ब्यूरो उप केंद्र में कार्यरत इंस्पेक्टर सुमित कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह उन्हें एक शिकायत पत्र मिला था जिसमें एक किसान आरोप लगाए थे कि खेवट में नाम बदलवाने की एवज में उनसे 24 हजार रिश्वत की मांग आरोपी पटवारी द्वारा की गई थी। शिकायत पत्र में शिकायतकर्ता ने लिखा कि वह रिश्वत न दे कर रिश्वतखोर कर्मचारी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता है। आज सुबह शिकायत मिलने के बाद राज्य चौकसी ब्यूरो द्वारा मामले की जानकारी पानीपत के उपायुक्त को दी गई और उनके निर्देशानुसार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के अधीन टीम गठित करके पुरानी तहसील कार्यालय पर रेड की गई। रेड के दौरान आरोपी पटवारी से 2 हजार के 12 नोट कुल 24 हजार रुपये बरामद किए गए जो टीम के कहने पर किसान ने उसे दिए थे।

इंस्पेक्टर सुमित कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी सरकारी कार्यालय में कोई भी कर्मचारी किसी व्यक्ति से रिश्वत की मांग करता है तो तुरंत मामले की सूचना राज्य चौकसी ब्यूरो के टोल फ्री नंबर पर दें। उन्होंने बताया की टोल फ्री नंबर 1064 व 1800-180-2022 पर शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। इसके अलावा ईमेल आईडी svb@hry.nic.in पर मेल डाल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.

Comments