छात्र ने अपने पिता संग मिलकर स्कूल के पीटीआई के साथ मारपीट की
BOL PANIPAT : MASD पब्लिक स्कूल में 12वीं के छात्र ने अपने पिता संग मिलकर स्कूल के पीटीआई के साथ मारपीट की व उसे जान से भी मारने की धमकी दी। पीटीआई ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को दी गयी शिकायत में धमेंद्र राठी ने बताया कि वह न्यू क्रांति नगर का रहने वाला है। वह MASD पब्लिक स्कूल में बतौर PTI कार्यरत है। 8 जुलाई की दोपहर करीब 1 बजे वह स्कूल के गेट पर गाड़ी का चालान ले रहा था। इसी दौरान स्कूल का 12वीं कक्षा का विद्यार्थी आदित्य शर्मा अपने पिता राकेश शर्मा के साथ आया।आते ही उन्होंने उसपर जानलेवा हमला कर दिया व गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपियों ने उसे जान से भी मारने की धमकी भी दी। धर्मेंद्र ने पुलिस को शिकायत देकर यह भी कहा कि इन दोनों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि स्कूल प्रांगण में फिर से इस तरह का अभद्र व्यवहार न हो और विद्यालय की शांति व माहौल खराब न हो। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 506 व 34 के तहत केस दर्ज करके मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले को लेकर जब स्कूल प्राचार्य अजय गुप्ता से बात की गयी तो उन्होंने बताया कि मामला पेंडिंग स्कूल फीस से जुड़ा हुआ है। छात्र की 11वीं कक्षा की फीस बकाया थी। अब उसने 12वीं कक्षा में एडमिशन ले लिया था। उसे फीस देने के बारे में कहा गया था। इसी बात को लेकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया है।

Comments