सरकार ने 18374 गांवों और करीब 2 करोड़ 86 लाख घरों को बिजली से जोड़कर आमजन के जीवन को रोशन किया: सांसद संजय भाटिया
BOL PANIPAT : 30 जुलाई–भारत सरकार ने वर्ष 2014 से 2018 के बीच देश के 18374 गांवों और करीब 2 करोड़ 86 लाख घरों को बिजली से जोड़कर आमजन के जीवन को रोशन किया है। देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में वृद्धि के लिए बिजली के क्षेत्र में ढांचागत सुधार अत्यंत आवश्यक है। इसी आवश्यकता की पूर्ति के मद्देनजर वर्तमान सरकार ने बिजली के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया है।
यह बात करनाल लोकसभा सांसद संजय भाटिया ने लघु सचिवालय के द्वितीय तल के सभागार में आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में आयोजित हुए उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि बिजली हर-घर की जरूरत है। सरकार ने आमजन की इस जरूरत को पूरा करते हुए उन परिवारों के जीवन को बदलने का काम किया है, जिन्हें लंबे समय तक बिजली मुहैया नहीं हुई थी। यही नहीं सरकार ने वर्ष 2047 के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ते हुए बिजली के क्षेत्र में सुधार के लिए रोडमैप तैयार किया है।
सांसद संजय भाटिया ने कहा कि सरकार ने बिजली क्षमता विस्तार के लिए बेहतर काम किया है, जिससे बिजली के उत्पादन में 1 लाख 69 हजार मेगावाट से ज्यादा की असाधारण वृद्धि हुई है। सौर उर्जा, पवन उर्जा और लघु जल विद्युत जल परियोजनाओं को नई गति और नये उत्साह के साथ आगे बढ़ाया गया है। परिणामस्वरूप भारत आज एक बिजली बहुल देश है। विद्युत नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए सरकार द्वारा 2 लाख करोड़ रूपये से अधिक की धनराशि विभिन्न योजनाओं जैसे इंटीग्रेटिड पावर डेवेलपमेंट स्कीम, दीन दयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना, सौभाग्य योजना को लागू करने में खर्च की गई है।
डीसी सुशील सारवान ने बताया कि उज्जवल भारत-उज्जवल भविष्य कार्यक्रम पिछले लगभग 8 वर्ष के दौरान बिजली के क्षेत्र में हुए ढांचागत व अभूतपूर्व सुधार की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के दृष्टिगत देशभर में आयोजित किये जा रहे है। इसी के तहत गत दिनों गांव भोड़वाल माजरी और सिवाह में लोगो के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए हुए थे।उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से सांसद संजय भाटिया को चद्दर ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम की शुरूआत दीप प्रज्जवलन करके की गई।
इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से देश भर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इसके लिए लघु सचिवालय में व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर एडीसी वीना हुडा, एसडीएम वीरेंद्र ढुल,जिला परिषद सीईओ विवेक चौधरी,अतिरिक्त सीईओ रविंद्र मलिक, सीटीएम राजेश सोनी,अधीक्षण अभियंता डीएस छिक्कारा,विद्युत मंत्रालय की ओर से देहरादून के वरिष्ठ अपर महाप्रबंधक आशीष पंत,एसजेवीएन(शिमला) के वरिष्ठ प्रबंधक त्रिभुवन कुमार एवम बिजली विभाग के अधिकारियों के अलावा विभिन्न अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।

Comments